डोर-टू-डोर सर्वे अभियान में वायरल बुखार के मिले 697 मरीज
शामली। जिले में सात सितंबर से शुरू हुआ दस दिवसीय घर-घर सर्वे कर बुखार के रोगियों को तलाश करने का अभियान बृहस्पतिवार को पूरा हो गया। स्वास्थ्य टीमों द्वारा किए गए सर्वे में वायरल बुखार के 697 मरीज मिले। इसके अलावा मलेरिया के 19 और डेंगू के लक्षण वाला एक मरीज मिला है। इस अभियान के तहत जिले में 249633 घरों में सर्वे किया गया।
प्रदेेश के कई जिलों में वायरल व डेंगू बुखार का प्रकोप फैला हुआ है। बुखार की रोकथाम व उपचार के लिए शासन ने सभी जिलों में सात से 16 सितंबर तक स्वास्थ्य टीमों द्वारा घर-घर सर्वे करने का दस दिवसीय अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। बृहस्पतिवार को अभियान का आखिरी दिन था। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सर्वे रिपोर्ट में वायरल बुखार के 697 मरीज मिले हैं। इसके अलावा लक्षण युक्त मलेरिया के 19, दिमागी बुखार के तीन, डेंगू के लक्षण वाला एक, बुखार के साथ पेट दर्द के आठ और बुखार के साथ उल्टी होने का एक मरीज मिला है।
जिला सर्विलांस अधिकारी एवं संचारी रोग नियंत्रण के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि जिले में 249633 घरों में सर्वे किया गया है। सर्वे में इन दस दिन में 4969 टीमें लगाई गई थी। अभियान के तहत 1015 गर्भवती महिलाएं और शून्य से दो साल तक के 2770 बच्चे चिह्नित हुए हैं। इसके अलावा 45 साल से अधिक कोविड टीकाकरण की पहली डोज से छूटे 38054 लाभार्थी चिह्नित हुए। एसीएमओ ने बताया कि सर्वे के दौरान मिले रोगियों को दवा देकर उपचार दिया गया है। जिले में बुखार की स्थिति सामान्य है। डेंगू व दिमागी बुखार के लक्षण वाले मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर उनकी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उनका कहना है कि बुखार से बचाव के लिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
सर्वे अभियान की स्थिति-
स्वास्थ्य टीमों की संख्या: 4915
सर्वे हुए घरों की संख्या: 249633
सर्दी जुकाम कम अवधि की खांसी: 335
दो सप्ताह से अधिक की खांसी: 37
खांसी के साथ बलगम में खून आना: 08
वजन कम होना: 09
सांस लेने में परेशानी: 08
वायरल बुखार के मरीज: 697
दिमागी बुखार: 03
मलेरिया: 19
डेंगूू के लक्षण: 01
बुखार के साथ पेट दर्द: 08
बुखार के साथ उल्टी: 01
----
बचाव
- बाजार में कटे हुए फल, बासी भोजन का सेवन न करें।
साफ व ताजा पानी पीए, ठंडा पानी पीने, ठंडी चीजें खाने से बचे।
- कूलर, फूलदान एवं पशु-पक्षियों के पानी के बर्तन आदि को सप्ताह में एक बार खाली करें और रगड़कर साफ करने व सुखाने के बाद पुन: पानी भरें।
- पुराना टायर, डिस्पोजेबल कप, नारियल के खोल आदि में पानी जमा न होने दें।
- पानी के सभी बर्तन, टंकी आदि को पूरी तरह ढक कर रखें।
-मच्छर के काटने से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा शरीर को ढकने वाले कपड़े पहने।
-तेज बुखार के साथ सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, त्वचा पर लाल चकत्ते और थकान हो तो तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पर जांच व उपचार कराएं।