वन विभाग और पुलिस टीम ने मेरठ-करनाल हाईवे पर ढाबे पर अवैध रूप से चल रही आरामशीन को को बंद करा दिया। मौके से तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया।
करनाल हाईवे स्थित गांव पटनी परतापुर के निकट गुर्जर ढाबे पर अवैध रूप से आरामशीन का संचालन हो रहा था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी। इसके चलते शुक्रवार को वन रेंज अधिकारी योगेश शर्मा और झिंझाना थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर आरामशीन पर लकड़ी चीरने का कार्य कर रहे तीन युवकों को पकड़ लिया। मौके पर ही आरामशीन और एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया। वन रेंज अधिकारी योगेश शर्मा ने बताया कि बिना स्वीकृति के सादीन पुत्र मीर हसन निवासी गांव पटनी, उसके साथी अरशद पुत्र आलमदीन निवासी गांव ओदरी और कबीर पुत्र वजीर निवासी झिंझाना को मौके से पकड़ा गया। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर अवैध रूप से चल रही आरामशीन और ट्रैक्टर को सीज किया गया है। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप
शामली। ऊन ब्लाक क्षेत्र के गांव बीबीपुर जलालाबाद में विकास कार्यों के नाम पर अनियमितता बरतने का आरोप लगा है। गांव के विनोद कुमार, यशपाल सिंह, धनपाल, नितिन, मेगराज सिंह, संदीप कुमार और चैनपाल आदि ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया जा रहा है, जबकि मौके पर विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। उनकी मांग है कि जांच कराकर वित्तीय अनियमितता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी से जांच कराने का आश्वासन दिया है।