नामांकन के अंतिम दिन कस्बे में जोश में प्रत्याशियों ने ढोलबाजे व आतिशबाजी के साथ जुलूस निकाल कर आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई। कस्बे की हर गली में वार्ड सभासद प्रत्याशियों के समर्थक व नामांकन के दौरान चेयरमैन पद प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की तथा ढोल बाजे बजे।
सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन चेयरमैन पद के प्रत्याशियों ने रोड शो व जुलूस निकाला। दोपहर 12 बजे निर्दलीय प्रत्याशी हाजी अनवर हसन ने हजारों समर्थकों के साथ ईदगाह के मैदान से तहसील तक रोड शो किया। इसमें जमकर आतिशबाजी व ढोल बाजो पर युवा थिरके। इनके पीछे-पीछे कुछ देर बाद बसपा प्रत्याशी साजिद अली ने नामांकन के दौरान रोड शो किया। रोड शो के दौरान जमकर ढोल बाजे बजते रहे। इसके अलावा चेयरमैन पद के लिए शमशाद ने रविवार को नामांकन कर दिया था, लेकिन सोमवार को शमशाद के समर्थकों ने भी कस्बे में ढोल बाजों के साथ जुलूस निकाला। रविवार को भी सपा प्रत्याशी और पूर्व चेयरमैन राशिद अली ने नामांकन के दौरान आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई थी। यही नहीं सोमवार को मोहल्लों में वार्ड सभासद प्रत्याशियों के समर्थकों ने जुलूस निकाले। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि प्रत्याशियों के द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन के बारे में जांच कराई जा रही है।
वाहनों की चेकिंग की
कैराना। निकाय चुनाव को शांतिपूर्वक संपंन कराने के लिए एसपी के निर्देश पर रविवार से पुलिस ने दुपहिया वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी है। रविवार को पुलिस ने 50 बाइकों के चालान किए थे, जबकि सोमवार को पुलिस ने कांधला तिराहे, कोतवाली गेट व पानीपत रोड पर सघन चेकिंग अभियान के दौरान कई दर्जन बाइकों के चालान करने के साथ ही दर्जनों बाइकों को सीजकर दिया। उधर, रविवार को एसपी ने कस्बे में घूमकर चेकिंग की व्यवस्था की जांच की। एसपी ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।