जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि किसानों की आय दोगुना तभी होगी, जब किसान उन्नत सोच के साथ विविधता से फसल करें। खुद के साथ ही अपने बच्चों का भी कृषि और पशु पालन के प्रति लगाव बढ़ाएं।
कृषि विभाग की ओर से सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम किया गया। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि कृषकों को ड्रिप सिंचाई, स्प्रिंकर सिंचाई के साथ ही आधुनिक संसाधनों से उन्नत खेती करनी चाहिए। साथ ही अपनी आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, मत्स्य पालन और मधुमक्खी पालन के साथ ही गन्ने के अलावा फल और फूलों की खेती की तरफ ध्यान लगाना चाहिए। इसके अलावा फसलों का बीमा, जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, उच्च गुणवत्ता के बीजों का प्रयोग, एकीकृत कृषि प्रणाली तथा सही और सुरक्षित भंडारण से किसान फायदा उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रखी हैं, किसानों को जागरुक होते हुए उन योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। कृषि विशेषज्ञ वीरेंद्र सिंह ने धान में होने वाले रोगों एवं कीटों से बचाव की जानकारी दी। पशुपालन विभाग से सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक डाक्टर सहेंद्र कुमार शर्मा ने पशुओं में होने वाले रोगों से बचाव के बारे में बताया। कृषि उपनिदेशक रामवीर कटारा ने कृषि विभाग द्वारा कृषि यंत्रों पर अनुदान के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी कृषकों को संकल्प दिलाया गया कि उन्नत खेती कर आय दोगुना करने और राष्ट्रहित में जलसंरक्षण आदि कार्य करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गठवाला खाप के थांबेदार बाबा श्याम सिंह ने की। इस दौरान शामली ब्लाक प्रमुख के पति जयदेव सिंह मलिक, डाक्टर सुबोध कुमार, जगवीर सिंह, सतपाल पहलवान, पप्पू मलिक, रुपेंद्र, महबूब हसन, सत्यप्रकाश, ज्ञानेश्वर शर्मा, धर्मवीर सिंह, ब्रजेंद्र वर्मा, प्रवीण कुमार, अंकुर, अमित, मांगेराम, सतेंद्र, विशाल, रोहित, हरेंद्र और तेजपाल आदि मौजूद रहे।