शाहजहांपुर। जिले में स्वतंत्रता दिवस सादगी के साथ उल्लास पूर्वक मनाया गया। कोरोना महामारी के चलते इस बार स्कूल-कॉलेजों में बच्चे नहीं बुलाए गए। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेेलकूद भी नहीं हो सके। कलक्ट्रेट में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने ध्वजारोहण किया। वहीं, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी नगर संजय कुमार ने, विकास भवन में सीडीओ महेंद्र सिंह तंवर, नगर निगम में नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, जिला कारागार में जेल अधीक्षक राजेश कुमार, शिक्षा विभाग के कार्यालयों में डीआईओएस शौकीन सिंह यादव और बीएसए राकेश कुमार ने ध्वजारोहण किया।
कलक्ट्रेट में ध्वजारोहण करने के बाद डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए जाति-धर्म और ऊंच-नीच से परे हटकर सोचना होगा, तभी हम मुल्क को मजबूत बना सकते हैं।
ध्वजारोहण के बाद डीएम, एसपी ने खिरनीबाग, नगर निगम, शहीद उद्यान, गांधी भवन पहुंचकर महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, लाल बहादुर शास्त्री समेत सभी अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह, क्रांतिकारी प्रेम किशन खन्ना समेत अन्य महापुरुष की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसी क्रम में शहर में अन्य स्थानों पर स्थापित अमर शहीदों, डॉ. भीमराव अंबेडकर, अमर शहीद कैप्टन कन्हैया लाल शुक्ल, महाराजा अग्रसेन, वीर अब्दुल हमीद आदि की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया गया। शहीद अशफाक उल्ला खां और मौलवी अहमद उल्ला शाह की मजार पर गुलपोशी की गई। जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और अन्य विशिष्टजनों ने भी अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। जिला पंचायत कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष और अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव ने कार्यालय पर झंडा फहराया। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णा राज ने अपने आवास पर ध्वजारोहण कर मिठाई बांटी। छावनी परिषद में सीईओ एसके नामदेव राव, जिला खेल कार्यालय में जिला क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र भगत, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्राचार्य डॉ. अचल मिश्रा, बीएसए राकेश कुमार ने कार्यालय में ध्वजारोहण किया।
उत्कृष्ट सेवा सम्मान से नवाजे गए पुलिसकर्मी
शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस पुलिस लाइन में ध्वजारोहण के बाद एसपी एस आनंद ने पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा हेतु पदक/प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में निरीक्षक परिवहन शाखा शेषपाल सिंह को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, मुख्य आरक्षी छत्रपाल सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, संजीव कुमार को प्रशंसा चिन्ह डीजी गोल्ड मेडल, अजय चौधरी को प्रशंसा चिन्ह डीजी गोल्ड मेडल, विपिन धीमान को प्रशंसा चिन्ह डीजी सिल्वर मेडल, दुष्यंत प्रताप सिंह को प्रशंसा चिन्ह डीजी मेडल सिल्वर, आरक्षी महेंद्र सिंह को प्रशंसा चिन्ह डीजी सिल्वर मेडल प्रदान कर बधाई दी।
लायंस शक्ति ने पुलिस और सफाई कर्मियों को किया सम्मानित
शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस पर लायंस क्लब शक्ति ने कोरोना महामारी में जनसेवा के लिए पुलिसकर्मियों और सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया। खिरनीबाग चौराहा पर क्लब अध्यक्ष हरविंदर कौर ने चार्टर प्रेसीडेंट गुरजीत कौर, अनुप्रिया, मंदीप कौर आदि सदस्यों के सदयोग से पुलिस और सफाई कर्मचारियों को पुष्पगुच्छ और उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इनरव्हील ने पौधरोपण कर मनाया स्वतंत्रता दिवस
शाहजहांपुर। इनरव्हील क्लब ने आल सेंट्स स्कूल में पौधरोपण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। अध्यक्ष अर्चना जालान के नेतृत्व में सचिव रीना अग्रवाल, तनुजा बाथम, स्कूल प्रबंधक सचिन बाथम और प्रधानाचार्य शैल सक्सेना ने स्टाफ के सदस्यों के साथ स्कूल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। उप प्रधानाचार्य साक्षी रस्तोगी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर जिया खान, संतोष रस्तोगी, रेनू अग्रवाल, अपूर्वा मौर्या, तशकीन शगुफ्ता, प्रतिभा पाठक आदि मौजूद रहे। संवाद
विभिन्न संगठनों ने भी मनाया स्वतंत्रता दिवस
शाहजहांपुर। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों के अलावा विभिन्न संगठनों ने भी स्वतंत्रता दिवस उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया। आयुध वस्त्र निर्माणी संविदा श्रमिक यूनियन श्याम नगर कॉलोनी स्थित प्रधान कार्यालय पर जश्न मनाया। अध्यक्ष अजय सिंह खालसा ने ध्वजारोहण किया। असंगठित मजदूर यूनियन ने अपने तारीन जलालनगर स्थित कार्यालय पर ध्वजारोहण किया।
स्कूल-कॉलेजों में शान से लहराया तिरंगा
शाहजहांपुर। कोरोना महामारी के चलते यह पहला मौका था, जब किसी राष्ट्रीय पर्व पर बच्चे स्कूलों में नहीं बुलाए गए। विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और प्रधानाचार्यों ने ही राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्र गीत गाया। शिक्षकों ने बच्चों की भूमिका निभाते हुए देशभक्ति के गीत गाए और स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। बच्चों के नहीं पहुंचने के स्कूलों में वह रौनक नहीं दिखी, जो हमेशा दिखाई देती थी। बीएस पब्लिक स्कूल में डिप्टी सीएमओ डॉ. लक्ष्मण सिंह ने ध्वजारोहण किया। सरदार पटेल हिंदू इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य चंद्र भास्कर, डॉ. सुदामा प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज में प्रबंधक राजेश शर्मा, आदर्श इंटर कॉलेज निगोही में प्रधानाचार्य डॉ. दोदराम वर्मा, सरस्वती शिशु/ विद्या मंदिर में प्रबंधक डॉ. सत्य प्रकाश मिश्रा, इस्लामिया इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य मोहम्मद आमीन ने ध्वजारोहण किया।
मदरसों में ध्वजारोहण के बाद रोपे गए पौधे
शाहजहांपुर। मदरसों में स्वतंत्रता दिवस उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पौधे भी रोपे गए। मदरसा नूरुल हुदा में प्रधानाचार्य इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां, मदरसा इस्लामिया गौसिया शाहवाजनगर में प्रबंधक हाजी मोहम्मद रिजवान खां, मदरसा एनुल इल्म में प्रधानाचार्य मौलाना जावेद कासमी, मदरसा फैजाने मदीना में सीओ सिटी प्रवीण कुमार, मदरसा जियाउल कुरआन में प्रबंधक सलीम अख्तर, मदरसा दीनियता तालीमुल कुरआन तिलहर में प्रधानाचार्य आमिर खान, मदरसा शमशिया फैजाने हातिम में प्रधानाचार्य कारी इदरीश ने ध्वजारोहण कर मिठाई बांटी। संवाद