शाहजहांपुर। भावलखेड़ा ब्लॉक के रौरा गांव की रहने वाली दिव्यांशी सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 726वीं रैंक हासिल की है। दिव्यांशी को अभी इंडियन रेवेन्यू सर्विस (आईआरएस) के लिए चयनित किया है। दिव्यांशी आईएएस की तैयारी में लगी हुई हैं। उनकी सफलता से परिवार और आसपास के लोग खुश हैं।
रौरा गांव निवासी अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह और कल्पना सिंह की बेटी दिव्यांशी सिंह ने यूपीएससी की परीक्षा तीसरी बार में पास कर ली है। दिव्यांशी का सपना आईएएस बनना है। इसके लिए वह फिर से तैयारियों में जुट गई हैं। दिव्यांशी की बहन वैशाली, पिता राजीव और मां कल्पना दिव्यांशी की सफलता से बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि दिव्यांशी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से मुकाम पाया है। दिव्यांशी ने दिल्ली में तैयारी की थी।
अप्रैल में कोरोना संक्रमित हो गईं थीं। इसी महीने उनका साक्षात्कार भी था। हालांकि बाद में तारीख टलने से अगस्त में साक्षात्कार हुआ था। कल्पना सिंह रिलायंस टाउनशिप में ब्यूटी पॉर्लर चलाती हैं। दिव्यांशी ने सेंटपॉल स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की। बीटेक करने के बाद पीसीएस परीक्षा 2020 में 34वीं रैंक हासिल की थी। उन्हें डिप्टी कलक्टर के लिए चुना गया था। दिव्यांशी के लिए उनकी मां कल्पना प्रेरणाश्रोत हैं। दिव्यांशी की बहन वैशाली विधि स्नातक की पढ़ाई कर रही है।