समाजवादी पार्टी (सपा) ने शनिवार को बरेली नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। सपा ने बरेली मेयर सीट पर संजीव सक्सेना को प्रत्याशी बनाया है। संजीव सक्सेना संगठन में जिला उपाध्यक्ष के पद पर रहे हैं। वहीं भाजपा ने अभी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। भाजपा से टिकट के कई दावेदारों के नाम लखनऊ भेजे गए हैं। जल्द ही किसी एक नाम की घोषणा हो सकती है।
कौन हैं संजीव सक्सेना
पीलीभीत रोड निवासी संजीव सक्सेना उप्र राज्य भंडारण निगम में कार्यरत थे। 2019 में सेवानिवृत्त होकर सपा की सदस्यता ली। सपा में विशेष आमंत्रित सदस्य रहे और इसके बाद उन्हें पार्टी ने जिला उपाध्यक्ष बनाया था। शहजिल इस्लाम के विधायक बनने के बाद संजीव सक्सेना ने उनका स्वागत कार्यक्रम किया था। उसी स्वागत कार्यक्रम में शहजिल इस्लाम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। उसमें शहजिल इस्लाम व संजीव सक्सेना समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज हुआ था। उसी समय से संजीव सक्सेना चर्चा में आए थे।
टिकट के रेस में थे ये लोग
सपा में मेयर सीट पर निवर्तमान पार्षद राजेश अग्रवाल समेत सात लोगों ने आवेदन किया है। पार्टी पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन और डॉ. आईएस तोमर भी टिकट के दावेदारों की रेस में थे, लेकिन सपा ने शनिवार को संजीव सक्सेना के नाम का एलान कर सबको चौंका दिया। सपा में पार्षद की 80 सीटों पर 170 आवेदन आए हैं। पार्षद पद के लिए प्रत्याशियों की जल्द घोषणा हो सकती है।