शाहजहांपुर/तिलहर। ड्रिल से जमीन में सुराख करते समय केबल कटने से तिलहर रेलवे स्टेशन पर ब्लैक आउट हो गया और सिग्नल ने काम करना बंद कर दिया। डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का संचालन भी नहीं हो सका। किसी तरह से डेढ़ घंटे बाद मेन लाइन चालू हो सकी और ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।
तिलहर यार्ड में बृहस्पतिवार को ड्रिल से काम हो रहा था। बताया जाता है कि रात करीब 10 बजे ड्रिल से जमीन में सुराख करते समय केबल कट गई। इससे स्टेशन परिसर में अंधेरा छा गया। अप और डाउन दोनों लाइनों के सिग्नल बंद हो गए। इसकी वजह से राप्ती गंगा एक्सप्रेस को तिलहर, सद्भावना एक्सप्रेस को कटरा व सत्याग्रह एक्सप्रेस को बिलपुर स्टेशन पर रोकना पड़ा।
कंट्रोल के आदेश पर करीब डेढ़ घंटे के बाद किसी तरह से मेन लाइन को चालू कर दिया। लूप लाइन और यार्ड शुक्रवार दोपहर तक चालू नहीं हो पाया था। सिग्नल फेल होने के संबंध में मेमो दिया गया, जिसके बाद आरपीएफ मौके पर पहुंची। हालांकि किसी के खिलाफ रिपोर्ट नहीं लिखी गई। ज्वाइंट रिपोर्ट बनाकर मंडल मुख्यालय भेज दी गई है। अभी दो दिन पहले अटसलिया फाटक के पास भी केबल कटी थी। चार घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा था।
आरपीएफ मौके पर पहुंची थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। संयुक्त रिपोर्ट बनाकर मंडल मुख्यालय भेज दी गई थी। तिलहर स्टेशन अधीक्षक आशुतोष कुमार सिंहने बताया कि बृहस्पतिवार को रात 10 बजे से 11:30 बजे तक अप लाइन और तीन घंटे तक डाउन लाइन की ट्रेनें सिग्नल फेल होने के कारण प्रभावित रहीं। उधर रेलवे के ट्रैफिक इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि डाउन लाइन पर सिग्नल फेल होने के कारण कुछ ट्रेनें प्रभावित हुईं। बताया कि इन ट्रेनों को मेमो लेकर आगे रवाना किया गया।