शाहजहांपुर। शहर की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसों के चलने का इंतजार और बढ़ गया है। इस माह भी बसों का संचालन शुरू नहीं हो सका है। जबकि सितंबर के अंत तक इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की तैयारी थी। अब अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में उद्घाटन करने की संभावना जताई जा रही है।
प्रदेश के कई नगर निगमों में 25-25 इलेक्ट्रिक बसों को चलाए जाने की योजना है। शाहजहांपुर में भी ऐसी 25 बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए ककरा (न्यू सिटी) में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो चुका है। अब बसों के आने का इंतजार किया जा रहा है, जोकि 15 सितंबर तक आने की बात कही जा रही थी। 30 सितंबर तक एक भी बस चार्जिंग स्टेशन पर नहीं पहुंची है।
ऐसे में इलेक्ट्रिक बसों के चलने का इंतजार और भी बढ़ गया है। अब अगले महीने प्रधानमंत्री द्वारा डिजीटल तरीके से प्रदेश भर में बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाने का दावा किया जा रहा है। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि शहर के ककरा न्यू सिटी में चार्जिंग स्टेशन का काम पूरा चुका है।
इलेक्ट्रिक बसें अब अगले महीने से चलने की संभावना है। पांच, छह और सात अक्टूबर को लखनऊ में कार्यक्रम का आयोजन होना है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डिजिटल रूप से इलेक्ट्रिक बसों को चलाने के लिए हरी झंडी दिखाए जाने की संभावना है।