शाहजहांपुर। मालगाड़ी का इंजन फेल होने से बुधवार को डाउन लाइन पर रेल यातायात प्रभावित हो गया। सीतापुर पैसेंजर का इंजन काटकर ट्रैक को क्लियर किया। उसके बाद डाउन लाइन की ट्रेनों का संचालन चालू हुआ।
लोको पायलट मुन्नालाल बरेली से मालगाड़ी लेकर रोजा रेलवे स्टेशन पर आ रहे थे। बुधवार को सुबह 6:30 बजे मालगाड़ी शाहजहांपुर स्टेशन पर पहुंची। पूरी मालगाड़ी अभी स्टेशन पर पहुंची भी नहीं थी, तभी ओएचई ट्रिप हो गई थी। इसकी वजह से मालगाड़ी का इंजन बंद हो गया, लोको पायलट के काफी कोशिश के बाद भी स्टार्ट नहीं हुआ।
इसकी जानकारी लोको पायलट ने पावर केबिन और कंट्रोल को दी। कंट्रोल के आदेश पर सीतापुर पैसेंजर का इंजन काटा गया और मालगाड़ी को पीछे से धक्का देकर रेलवे ट्रैक को साफ करवाया। इस बीच डाउन लाइन की किसान एक्सप्रेस व पंजाब मेल प्रभावित हो गईं। ट्रैक साफ होने के बाद दोनों ट्रेनें निकाली गई। उसके बाद सुबह 10:00 बजे सीतापुर पैसेंजर को रवाना किया गया। इससे रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रोजा के स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि शाहजहांपुर में मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया था। रोजा से दूसरी पावर भेजकर मालगाड़ी को रोजा तक लाया गया। इस बीच डाउन लाइन की ट्रेनों कुछ देर के लिए प्रभावित रहीं।