बंडा (शाहजहांपुर)। बंडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन दोस्तों ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो युवकों का उपचार किया जा रहा है।
गांव के रहने वाले तीन युवकों में काफी घनिष्ठता थी। मंगलवार शाम वे खेत में टहलने के लिए गए थे। बताते हैं कि एक युवक के पास विषाक्त पदार्थ था। किसी बात को लेकर तीनों दोस्तों ने एक साथ विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।
परिजनों को सूचना मिली तो उन्होंने युवकों को बंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे पीलीभीत के निजी अस्पताल में ले गए।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके दो दोस्तों का उपचार यहां एक अस्पताल में चल रहा है। युवकों ने विषाक्त पदार्थ क्यों खाया, परिजन इसके बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। इंस्पेक्टर राकेश मौर्या ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।