लखनऊ से आई टीम ने गंगानगर में प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा के कृषि फार्म का निरीक्षण किया।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। राज्य नियोजन विभाग, लखनऊ से आई टीम के अध्यक्ष सांख्यकीय अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत स्थापित प्रदर्शन प्लॉट (गन्ना-मूंगफली, गन्ना-मूंग ) का निरीक्षण कौशल मिश्रा के गंगानगर में स्थित कृषि फार्म का निरीक्षण किया। टीम ने कौशल मिश्रा द्वारा विभिन्न आयामों के तहत की जा रही खेती को सराहा। कौशल मिश्रा ने टीम को बताया कि गन्ना 4-5 फुट की दूरी पर बोया जाता है इसलिए दो लाइन के बीच में कोई भी फसल ले सकते हैं।
टीम ने फार्म में गन्ने के साथ सहफसली के रूप मे बोई गई मूंगफली-गन्ना, गन्ना-मिर्च की फसल को भी देखा। फार्म मशीनरी बैंक मे गन्ना की खेती से संबंधित सभी यंत्र देखकर टीम ने तारीफ की। कौशल मिश्रा ने बताया कि उनके पास फार्म में गन्ना की नवीन विकसित सभी किस्म उपलब्ध हैं। गन्ने के साथ वह आलू, मिर्च, गोभी, सरसो, लहसुन, प्याज, बैगन, मूली, धनिया आदि की सहफसली करते हैं। गन्ने के अतिरिक्त कम से कम दो फसले और ली जाती है। सहफसली के बेहतर उपयोग पर टीम ने कौशल मिश्रा के हुनर को सराहा।
टीम ने गंगानगर फार्म के अतिरिक्त ग्राम कल्याणपुर के किसान दिगपाल, लल्ला सिंह, जसवंत सिंह, मुनेंद्र आदि लोगो से भी सहफसली और गन्ना विभाग में राज्य सरकार-भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी ली। जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम भार्गव ने टीम को बताया कि जिले के किसान शरदकालीन गन्ना के साथ अधिक सहफसली करते हैं। बसंत काल मे उर्द, मूंग एवं मूंगफली ही करते हैँ। निरीक्षण के दौरान डॉ आनंद, अमरजीत, वर्तिका, डॉ. सुनील कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।