शाहजहांपुर। नववर्ष पर महानगर को ई-बसों व फ्री वाई-फाई की सौगात मिल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय), मुख्य सार्वजनिक स्थानों पर मुफ्त वाई-फाई की सुविधा, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। साथ ही शाहजहांपुर समेत सात शहरों में इलेक्ट्रिक बसों का झंडी दिखाई।
नगर विकास विभाग की परियोजनाओं का वर्चुअल शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम शाम छह बजे के बाद शुरू हुआ। इसका सीधा प्रसारण खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान में किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पहले चरण में शहर को मिली नौ ई-बसों में पांच को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने शहरवासियों को ई-बस सेवा के लिए बधाई दी। साथ ही फ्री वाई-फाई सुविधा के शुभारंभ की जानकारी भी दी। डीएम इंद्र विक्रम सिंह, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती, अंगद गुप्ता, कवि इंदु अजनबी आदि मौजूद रहे।
इन मार्गों पर चलेगी ई-बसें
ई-बसें शहर के तीन मार्गों पर चलाने की योजना है। मार्ग संख्या-1 पर बरेली मोड़-केरूगंज-कचहरी-रोडवेज बस स्टेशन-महिला थाना-टिकरी चौकी, मार्ग संख्या-2 के बरेली मोड़-केरूगंज-अंटा चैराहा-कचहरी-रोडवेज-महिला थाना-चिनौर-नियामतपुर मोड़-एआरटीओ आफिस तक ई-बसें चलेंगी। मार्ग संख्या-3 पर ककरा ईदगाह-नगर निगम कार्यालय-रोडवेज बस स्टेशन-कचहरी-लोधीपुर-सिटी पार्क-सुभाष चौराहा-मॉडल टाउन-रोजा बाईपास-जमुका तिराहा-बनतारा तक ई-बसों का संचालन होगा। ये ई-बसें सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक चलाई जाएंगी।
10 से 50 रुपये लगेगा किराया
वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरवासियों को कम किराए और कैशलेस पेमेंट की सुविधा मिलेगी। एक स्टॉप से दूसरे स्टॉप तक सफर के लिए 10 से 50 रुपये तक देने होंगे।
अतिक्रमण और गड्ढे बने सकते हैं बाधा
शहर में अतिक्रमण और गड्ढों की भरमार है, ऐसे में वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में बाधाएं आना स्वाभाविक है। सबसे ज्यादा अतिक्रमण स्टेशन रोड, बस अड्डा, कचहरी, अंटा चौराहा, पुराना जिला अस्पताल, बेरी चौकी, केरुगंज, चार खंभा रोड पर ही है। रोजा मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे इलेक्ट्रिक बसों की हालत खस्ता करने देंगे। हालांकि नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा का कहना है कि बसों का संचालन नियमित रूप से हो सके इसके लिए व्यवस्थाएं की जाएगी।
शाहजहांपुर के जीआईसी मैदान में खड़ी इलेक्टिक बसे । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR