खुटार क्षेत्र में बाघ के गाय को निवाला बनाने के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है तो वहां पुवायां में घूम रहे तेंदुए के शनिवार को कई गांवों के पास देखे जाने से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
बता दें कि तीन दिन पूर्व शाहजहांपुर रोड पर बड़ागांव के पास तेंदुआ रोडवेज बस के सामने आ गया था। बृहस्पतिवार रात नौ बजे पुवायां के मोहल्ला छावनी निवासी ओमकार ने खेत में लगी सब्जी की रखवाली के दौरान तेंदुआ देखा था। अब शनिवार दोपहर को सबसे पहले तेंदुआ गांव अगौना बुजुर्ग के पास देखा गया।
गांव के प्रदीप और नवीन बाइक से पुवायां से घर जा रहे थे, ककरहा मोड़ के पास सामने तेंदुआ दिख जाने से घबरा गए और शोर मचाया। आसपास के लोगों ने मौके पर एकत्र होकर शोर मचाया तो तेंदुआ भाग निकला। गांव जारमानों के पास भी तेंदुआ देखे जाने का शोर मच गया।
लोग लाठी डंडे लेकर खेतों की ओर दौड़े, लेकिन कहीं भी दिखाई नहीं दिया। इसके कुछ देर बाद बंडा-पुवायां रोड स्थित गांव जुझारपुर के पास तेंदुआ ने सड़क पार की तो एक जीप के सामने आ गया। इसके बाद जुझारपुर के ग्रामीणों ने शोर मचाया तो वह भाग गया।
उधर, खुटार के गांव रौतापुर कलां में शुक्रवार रात बाघ होने का शोर मच गया। ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और इसके बाद दिन भी लोग खेतों की ओर कम ही गए। गांव हिमांचलपुर में बाघ ने एक गाय को अपना निवाला बना लिया था। उस क्षेत्र के किसानों ने खेतों की ओर जाना बंद कर दिया है। वन दरोगा एसपी गौतम ने बताया कि बाघ के पंजे ट्रेस किए गए हैं। खेत पर जाने वाले लोग सुरक्षा का ध्यान रखें।
पुवायां के रेंजर संजीव तिवारी ने बताया कि तेंदुआ एक दिन में 35 से 40 किमी की यात्रा कर सकता है। यह जंगलों से भटक कर आ गया है। आदमखोर नहीं होने के कारण कोई खतरा नहीं है, लेकिन फिर भी लोग सतर्क रहें। इसकी मौजूदगी की जहां से जानकारी मिलेगी, दिखवाया जाएगा।