स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन करते डीआईओएस शौकीन सिंह
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में सोमवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें स्कूल के छात्रों ने अपनी वैज्ञानिक सोच के आधार पर मॉडल प्रस्तुत किए। सबसे अच्छे मॉडल प्रस्तुत करने वाले छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया।
प्रदर्शनी का डीआईओएस शौकीन सिंह यादव ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी में छात्रों के मॉडलों का अवलोकन किया। कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों की ओर से प्रस्तुत विभिन्न मॉडलों को देखकर डीआईओएस ने प्रसन्नता जताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। डीआईओएस डॉ. शौकीन सिंह ने कहा कि विज्ञान की ही देन है कि आज तमाम सुविधाएं जनता को मिल रही हैं। विज्ञान वरदान साबित हो रहा है। निर्णायक के रूप में एसएस कॉलेज में भौतिक विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. शिशिर कुमार शुक्ला रहे।
उन्होंने छात्रों द्वारा बनाए गए 71 मॉडलों का गहराई से मूल्यांकन किया। इसके बाद कक्षा 11वीं के छात्र सुमित कुमार को प्रथम, कक्षा 9ए के छात्र आलोक कुमार द्वितीय, 11 बी के छात्र रामगोपाल को तृतीय घोषित किया गया। इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. अमीर सिंह ने मुख्य अतिथि डीआईओएस डॉ. शौकीन सिंह यादव का बुके देकर स्वागत किया।
इस मौके पर मॉडल तैयार कराने में भौतिक विज्ञान प्रवक्ता राजाराम, रसायन विज्ञान प्रवक्ता डॉ. नीलम शाक्य, गणित प्रवक्ता उमेश कुमार दीक्षित, विज्ञान विषय के अध्यापक आसाराम, डॉ. अनुराग शर्मा, अनिल कुमार मालवीय आदि मौजूद रहे।