पटरी के बीच में लेटे युवक के ऊपर से पूरी मालगाड़ी गुजर गई, लेकिन युवक बाल-बाल बच गया। उसी समय मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
शाहजहांपुर में घरेलू कलह से परेशान होकर एक युवक आत्महत्या करने के लिए पटरियों के बीच में लेट गया। युवक के ऊपर से मालगाड़ी गुजर गई, लेकिन वह बच गया। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा है।
विज्ञापन
शुक्रवार को दोपहर करीब 1.30 बजे एक युवक थाना सदर बाजार क्षेत्र के इंदिरा नगर कॉलोनी में रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा और मालगाड़ी को आते देख आत्महत्या करने के उद्देश्य से पटरियों के बीचों-बीच लेट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पटरी के बीच में लेटे युवक के ऊपर से पूरी मालगाड़ी गुजर गई, लेकिन युवक बाल-बाल बच गया। उसी समय मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या की कोशिश करने वाला युवक थाना रामचंद्र मिशन के मोहल्ला दलेलगंज का निवासी अंशुल (21) है। मामला सिविल क्षेत्र का होने के कारण आरपीएफ मौके पर गई थी। आरपीएफ सब इंस्पेक्टर नरवीर सिंह ने बताया कि युवक के ऊपर से ट्रेन गुजरने की जानकारी हुई है।
विज्ञापन
उसको सिविल पुलिस ने 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवा दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं थाना सदर बाजार इंस्पेक्टर अशोक पाल ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। युवक घरेलू कलह से परेशान बताया जा रहा है।
इशारे पर लोको पायलट ने रोकी मालगाड़ी
आत्महत्या के इरादे से पटरी के बीच में लेटे युवक को कुछ मीडिया कर्मियों ने देख लिया और मालगाड़ी के लोको पायलट को गाड़ी रोकने का इशारा किया। तब मालगाड़ी के लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाए, लेकिन रुकते-रुकते आधी मालगाड़ी युवक के ऊपर से गुजर गई थी।
मालगाड़ी रुकते ही लोग मौके पर पहुंचे, तो देखा की पटरी के बीच में लेटा युवक सुरक्षित है। तब किसी तरह से लोगों ने उसे बाहर निकाला। युवक को निकाले जाने के बाद मालगाड़ी आगे के लिए रवाना हो गई।