लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुलासनगरा क्रासिंग के पास अधूरी पड़ी जर्जर लेन से उखड़ते पत्थ
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शासन के निर्देश पर राजकीय राजमार्ग (स्टेट हाईवे) और जिला मार्गों की जर्जर हालत में सुधार करने के लिए गड्डा मुक्त अभियान का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। इसके तहत जनपद में विभिन्न श्रेणियों के 1268 मार्गों की 588 किमी लंबाई में बने गड्ढों का बजरी-कोलतार से भराव करके सड़कों को समतल किया जाना है। लोक निर्माण विभाग के दोनो खंडों ने काम भी शुरू करा दिया है।
प्रांतीय खंड लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजकुमार पिथौरिया ने बताया कि गड्ढा मुक्त अभियान के दूसरे चरण में जिले की सीमा में आने वाले स्टेट हाईवे की 245 किमी और जिला मार्ग श्रेणी की सभी छोटी-बड़ी 343 किमी सड़कों से गड्ढे मिटाए जाने हैं। अभियान की अधिकृत घोषणा होने से पहले से विभाग अपने हिस्से की सड़कों का अनुरक्षण करा रहा है। अभी तक स्टेट हाईवे की 67 किमी और जिला मार्गों की 129 किमी सड़कों की मरम्मत कर उन्हें समतल कराया जा चुका है। यह काम रात में कराया जा रहा है। जिले की जो सड़कें राष्ट्रीय राजमार्ग श्रेणी में आ चुकी हैं, उन्हें इस अभियान में शामिल नहीं किया है क्योंकि उनका अनुरक्षण एनएचएआई को कराना है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभी खाइये हिचकोले
2017 में गड्ढा मुक्त अभियान के पहले चरण में जनपद की सीमा में आने वाले पलिया-लखनऊ हाईवे और लिपुलेख-भिंड हाईवे को भी शामिल किया था, क्योंकि यह दोनों मार्ग उस दौरान राजकीय राजमार्ग श्रेणी में थे। लेकिन जर्जर हो चुके लखनऊ-दिल्ली हाईवे समेत अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों को अब अभियान का लाभ नहीं मिलेगा। राष्ट्रीय राजमार्गों के अनुरक्षण की जिम्मेदारी एनएचएआई की है। अभियान के दूसरे चरण में राष्ट्रीय राजमार्ग श्रेणी के तीनों हाईवे शामिल नहीं हैं। लिहाजा इन हाईवे पर फिलहाल राहगीरों को हिचकोले ही खाने होंगे।