पुवायां। आय, जाति, निवास प्रमाणपत्रों पर लेखपाल रिपोर्ट नहीं लगा रहे हैं। इससे तमाम विद्यार्थी परेशान हैं। छात्रों के अनुसार छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 अक्तूबर है। ऐसे में आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र ही नहीं मिलेगा तो आवेदन कैसे हो सकेगा।
छात्रवृत्ति के आवेदन में आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र की जरूरत होती है। सरकार ने छात्रवृत्ति के आवेदन के लिए 22 अक्तूबर अंतिम तिथि तय कर रखी है। छात्रवृत्ति पाने के लिए तमाम छात्र, छात्राओं ने आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रखे हैं। छात्र राहुल, दीपक कुमार, रामजस, हरीशंकर आदि ने बताया कि उनके आवेदन छह अक्तूबर से ऑनलाइन हैं, लेकिन अभी तक लेखपाल की रिपोर्ट ही नहीं लग पाई है, जबकि छात्रवृत्ति का आवेदन करने के लिए अब तीन दिन ही बचे हैं। अगर आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र नहीं मिला तो वह लोग छात्रवृत्ति का आवेदन नहीं कर पाएंगे।
उधर लेखपालों ने नाम नहीं प्रकाशित करने के अनुरोध के साथ बताया कि पराली जलाने से रोकने, धान खरीद का सत्यापन सहित तमाम कार्यों का बोझ उन लोगों के ऊपर है। आय, जाति, निवास प्रमाणपत्रों पर रिपोर्ट भी लगानी होती है। छात्रवृत्ति के कारण ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिस कारण समय लग रहा है। सभी छात्र, छात्राओं के आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र जारी होंगे।
दस दिन से साइट बंद होने से समस्या थी। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि छात्र, छात्राओं के लंबित आवेदन प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किए जाएं। विद्यार्थियों को दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
सतीश चंद्रा, एसडीएम पुवायां