शाहजहांपुर। कोविड-19 के केस फिर सामने आने लगे हैं। जिले में अभी 12 सक्रिय केस हैं। वहीं कोविड टीकाकरण की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। बृहस्पतिवार को डीएम ने समीक्षा बैठक में अधीनस्थों से नाराजगी जताई। वहीं कोविड वैक्सीनेशन और नियमित टीकाकरण की रफ्तार अपेक्षानुसार न मिलने पर तीन चिकित्सा अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम उमेश प्रताप सिंह ने नियमित टीकाकरण एवं कोविड-19 वैक्सीनेशन की समीक्षा की। इसमें निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अत्यधिक कम लक्ष्य की प्राप्ति होने के कारण जिले की स्थिति असंतोषजनक मिली। डीएम ने नाराजगी जताते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलान, प्रभारी चिकित्साधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुदागंज/कटरा, प्रभारी चिकित्साधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ददरौल का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति कराते हुए एक सप्ताह में प्रगति से अवगत कराएं।