शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार को खिरनीबाग के जीआईसी ग्राउंड पर अपनी मांगों को लेकर धरना देने के दौ?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। लंबित मांगों का निस्तारण नहीं होने के विरोध में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को खिरनीबाग के जीआईसी ग्राउंड पर प्रदर्शन कर धरना दिया। इस मौके पर पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम अपने खून से मांग पत्र लिखे और उन्हें डाक से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा।
ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारी कई माह से एडीओ पंचायत के 20 फीसदी पदों पर पदोन्नति दिए जाने, विभागीय सेवा नियमावली बनाने, कैशलेस इलाज के कार्ड बनाने, पदनाम बदलकर पंचायत सेवक करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने आदि मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। कई बार ज्ञापन दिए जाने के बाद हाल ही में प्रांतीय नेतृत्व से वार्ता में शासन स्तर के अधिकारियों ने उनकी विभागीय सेवा नियमावली बनाने पर सहमति दी, लेकिन अन्य सभी मांगें लंबित हैं। इसी के विरोध में संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार छावला के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर मांगें दोहराईं और धरना देकर खून से मांग पत्र लिखे।
इसके लिए कई पदाधिकारी सिरिंज साथ लेकर आए थे। खून से मांग पत्र लिखने की शुरुआत संघ के जिला मंत्री रामसागर सिंह कुशवाहा ने की। कई कर्मचारियों ने अपनी बांह से खून निकालकर मांग पत्र लिखकर पूरे किए। उन्होंने मांग पत्र अधिकारियों को देने से इनकार कर उन्हें डाक के जरिए भेजा है। धरना-प्रदर्शन में सुखलाल यादव, शीलेंद्र कुमार, अजय पाल वर्मा, सोनू वाल्मीकि, रंजीत सिंह, प्रेमपाल वाल्मीकि, जय सिंह, श्रीनिवास मौर्य, रमेश प्रजापति, अनुज यादव, गिरिजेश सक्सेना, ध्यान पाल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।