मीरानपुर कटरा क्षेत्र में हुलासनगरा क्रॉसिंग के पास लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर गड्ढों के कारण आए दिन ह?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे जाम के साथ ही जान के लिए भी खतरा बन चुके हैं। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के पास बाइक का पहिया गड्ढे में जाने से पीछे बैठी महिला उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गई। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के लिए बरेली ले जाते समय दम तोड़ दिया।
हल्द्वानी के थाना मुखानी क्षेत्र के गांव कटघरिया निवासी मैना देेवी (48) अपने 23 वर्षीय बेटे चंद्रपाल के साथ मंगलवार की सुबह बाइक से तिलहर तहसील में किसी काम से आई थी। दोपहर करीब दो बजे बाइक से दोनों वापस घर लौट रहे थे।
थाना कटरा क्षेत्र के हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग से करीब पांच सौ मीटर पहले सड़क किनारे बने गड्ढे में पहिया जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई। मैना देवी उछलकर सिर के बल सड़क पर गिरकर बेहोश हो गईं। बाइक चला रहे चंद्रपाल ने किसी तरह बाइक नियंत्रित की। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची कटरा थाने की पुुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए एंबुलेंस से बरेली भेजा। रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।
हादसों से बेपरवाह बना एनएचएआई
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुलासनगरा क्रॉसिंग के दोनों ओर एक किमी के दायरे में जानलेवा गड्ढों की भरमार से आए दिन हादसों में लोग अपनी जान तक गंवा रहे हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को प्रशासन बार-बार हादसे की वजह बन रहे गड्ढों को बजरी-कोलतार से भरकर उन्हेें समतल करने का निर्देश दे रहा है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
हाईवे की दुर्दशा का हाल यह है कि बरेली से लखनऊ जाने वाले वाहनों को क्रॉसिंग पार करने के बाद नई लेन मिल जाती है, लेकिन क्रॉसिंग से पहले 500 मीटर की दूरी रेंगते हुए तय करनी पड़ती है, क्योंकि उधर की बाईं लेन पूरी तरह खस्ताहाल हो चुकी है। कटरा से बरेली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को क्रॉसिंग से पहले 500 मीटर की दूरी गड्ढों से बचते हुए पार करनी पड़ती है।