शाहजहांपुर। सात सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के संविदाकर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रही। हड़ताल से टीकाकरण, जांच आदि सेवाएं बाधित हो रही हैं। सीएमओ ने आंदोलनरत कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की।
महराजगंज में एएनएम की मौत पर उनको सभी ने श्रद्धांजलि दी। वेतन पॉलिसी, वेतन विसंगति, विनियमीतीकरण, समायोजन व असृजित पदों का विभाग में सृजन, सातवां वेतन आयोग का लाभ व जॉब सिक्योरिटी, रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण, आउटसोर्सिंग नीति, बीमा पॉलिसी और आशा बहुओं के नियत मानदेय की मांगों को लेकर संविदाकर्मी हड़ताल कर रहे हैं। शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (संविदा) कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, संरक्षक राजेश पांडेय और महामंत्री विनीत पांडेय के नेतृत्व में जिले में तैनात संविदाकर्मी सुबह से ही सीएमओ कार्यकाल के बाहर इकट्ठा होने लगे और धरने पर बैठ गए।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने संविदा कर्मियों को हक के लिए लड़ने की बात कही। कर्मचारी संघ के महामंत्री विनीत पांडेय ने कहा कि लड़ाई अब निर्णायक दौर में है। एएनएम संघ की अध्यक्ष नीलू गुप्ता ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक आंदोलन को गति देते रहेंगे। सीएमओ डॉ. एसपी गौतम ने एक प्रतिनिधिमंडल बुलाकर वार्ता की। संविदाकर्मियों की मांगें लेकर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शासन को पत्र लिखा। इस दौरान उमा तिवारी, ललिता, सरोज, अंजलि, रजनी, सपना, कंचन आदि मौजूद रहे।
वहीं मिर्जापुर के जरीनपुर सीएचसी पर स्वास्थ्यकर्मी कार्य बहिष्कार पर रहे। शहनवाज बानो, गीता, जोगिंदर कुमार, दीपशिखा, ललितेश, ऋतु, भावना, सुनीता, सरला, रीना, आशा, अलका, नितेश कुमार आदि मौजूद रहे।
संविदाकर्मियों से वार्ता करने की कोशिश की जाएगी। जिलेस्तर से अगर उनकी मांगें पूरी की जा सकती हैं तो जरूर पूरी की जाएंगी। अन्यथा बाधित कार्यों को बहाल करने के लिए विकल्प पर चर्चा की जाएगी।
डॉ. एसपी गौतम, सीएमओ