भाजपा छोड़कर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट में शामिल हुए पुवायां विधान सभा के पूर्व प्रत्याशी र?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
पुवायां। वर्ष 2012 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके राजवीर बाठ ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के बाद वह शाहजहांपुर में भाकियू के कार्यक्रम में शामिल हुए। भाकियू के तराई और उत्तराखंड के अध्यक्ष अजीत सिंह ने सरोपा भेंटकर राजवीर का स्वागत किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संबोधित इस्तीफे में राजवीर बाठ ने कहा है कि वह वर्ष 2012 में भाजपा के टिकट से पुवायां विधानसभा का चुनाव लड़े थे। उन्होंने भाजपा में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर संगठन के लिए निष्ठा से कार्य किया है। देश और प्रदेश में किसानों के उत्पीड़न से वह आहत हैं। राजवीर ने कहा कि कुछ दिन पूर्व पुवायां में भारतीय किसान यूनियन की सभा हुई थी। इसमें जयेश प्रसाद भी पहुंचे थे। उनका किसान हित की बात करना भाजपा को इतना नागवार गुजरा कि पार्टी ने पंचायत चुनाव का बहाना बनाकर जयेश प्रसाद को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। कुछ नेताओं ने गलत निर्णय लेकर ब्राह्मण समाज का उत्पीड़न किया है। इससे वह दुखी हैं। किसानों और ब्राह्मणों के अपमान के कारण वह पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं। इस्तीफे के बाद पीडब्लूडी अतिथि गृह में भाकियू टिकैत गुट की बैठक में पहुंचे राजवीर का किसान नेताओं ने सरोपा भेंट कर स्वागत किया।
इस्तीफा किसे और कैसे दिया गया है, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। मुझसे राजवीर सिंह की कोई बात नही हुई है। उनके इस्तीफे की जानकारी नहीं है।
हरिप्रकाश वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा शाहजहांपुर