फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दबिश देने गई पुलिस की पिटाई से बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों ने थाना घेरा

विज्ञापन
मृतक हरद्वारी के रोते बिलखते परिजन। संवाद - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
तिलहर (शाहजहांपुर)। हत्यारोपियों के छुपे होने की सूचना पर मंगलवार की रात पुलिस ने रिश्तेदार के घर दबिश दी। आरोप है कि दरवाजा तोड़कर पुलिस घर के अंदर घुस गई। घर के युवकों को पकड़ने का विरोध करने पर पुलिस ने पूरे परिवार को डंडे से पीटा। महिलाओं को भी नहीं बख्शा। मारपीट में गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर आए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बुधवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने थाना घेरा। पुलिस अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
विज्ञापन

मंगलवार रात करीब नौ बजे तिलहर थाना क्षेत्र के गांव भुडेली निवासी वेदप्रकाश वर्मा (55) की जमीन के विवाद में गांव के रहने वाले तहेरे भाई रामदास और उसके बेटों ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी भाग गए थे। पुलिस ने रामदास और उनके बेटे अजय उर्फ कल्लू, रामकुुमार और प्यारे उर्फ बागेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रामदास पास के गांव धनेली में अपने रिश्तेदार हरद्वारी के घर में छुपा हुआ है।
मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे चार वाहनों से 20 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने दबिश दी। आरोप है कि इस दौरान पुलिस दरवाजा तोड़कर घर में घुस गई। हरद्वारी के भतीते संदीप के मुताबिक आरोपियों के बारे में पूछते हुए पुलिस ने पूरे परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। पिता हरद्वारी लाल (56), उनके बेटे अरविंद, भतीजे संदीप, दो भाई छोटेलाल, रामविलास, पत्नी चंद्रकली और बहू गीता को पीटा। संदीप के मुताबिक पुलिस की पिटाई से हरद्वारी की हालत बिगड़ने लगी। पुलिस आरोपी रामदास, अरविंद और संदीप को लेकर जाने लगी। हरद्वारी ने विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें उठाकर सड़क पर पटक किया।
विज्ञापन

संदीप का आरोप है कि इसके बाद उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं। परिवार के अन्य लोग हरद्वारी को लेकर तिलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर ने हरद्वारी को मृत घोषित कर दिया। हरद्वारी की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संदीप का आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने उसे और भाई को थाने में बैठाए रखा। बुधवार सुबह जब परिवार और गांव के लोग इकट्ठा होकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने संदीप और अरविंद को छोड़ा। हरद्वारी की मौत के बाद चार थानों की पुलिस और पीएसी को तिलहर थाने में बुला लिया। दोनों भाइयों को लेकर परिवार और गांव वाले अपने घर लौट गए।
वेदप्रकाश की हत्या के मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के छुपे होने की सूचना पर पुलिस ने हरद्वारी के घर पर दबिश दी थी। पुलिस की पिटाई से बुजुर्ग हरद्वारी की मौत का आरोप परिजन लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

एस. आनंद, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें