खुटार थाने में भाजपा नेताओं से वार्ता करते सीओ बीएस वीरकुमार
- फोटो : POWAYAN
खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार थाने के एक मुंशी और एक सिपाही पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए भाजपा के तमाम नेताओं ने थाने पहुंचकर नाराजगी जताई। देर शाम सीओ भी थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। सीओ ने एसपी को रिपोर्ट भेज दी है।
बंडा के भाजपा मंडल महामंत्री नेता प्रवीण शुक्ला, बंडा के मंडल अध्यक्ष शंकर सिंह और बंडा के ब्लाक प्रमुख ओमप्रकाश के साथ रविवार दोपहर बाद किसी काम से खुटार थाने आए थे। आरोप है कि थाना प्रभारी के बारे में जानकारी लेने पर सिपाही विजय नारायण और मुंशी नेत्रपाल उनसे अभद्रता करने लगे।
भाजपा नेता ने मामले की जानकारी स्थानीय भाजपा नेताओं को दी तो खुटार मंडल अध्यक्ष अरूण शुक्ला कई नेताओं के साथ थाने पहुंच गए और इंस्पेक्टर से मुंशी, सिपाही की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा ने मामले की जानकारी सीओ बीएस वीरकुमार को दी तो सीओ भी खुटार थाने पहुंचे। सीओ ने मामले की जानकारी ली। प्रकरण में मुंशी और सिपाही पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
पूरे मामले की रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेज दी गई है। एसपी के स्तर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीएस वीरकुमार, सीओ पुवायां