पुवायां (शाहजहांपुर)। एक साल से चल रहे प्रेम प्रसंग का मामला रविवार को थाने पहुंच गया। थाने में प्रेमिका प्रेमी से शादी करने पर जिद पकड़े हुए हैं। युवक की मां को शादी से एतराज है।
बंडा के एक मोहल्ला निवासी युवती के पति की एक साल पहले मौत हो गई थी। कुछ दिन बाद ही उसका प्रेम प्रसंग मोहल्ले के ही युवक से चलने लगा। युवक का प्रेमिका के घर आना-जाना था। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण युवक की मां को इससे एतराज था। रविवार को युवक प्रेमिका के घर गया तो उसकी मां कुछ महिलाओं को लेकर प्रेमिका के घर पहुंच गई और अपने पुत्र के साथ ही उसकी प्रेमिका को भी पीट दिया। इस पर युवती ने पुलिस को बुला लिया।
थाने में युवक और प्रेमिका शादी की जिद पर अड़े रहे। इस बीच एक संगठन की महिला ने थाने पहुंचकर कहा कि युवक की उसकी प्रेमिका से शादी नहीं हो सकती है। जानकारी पाकर दूसरे संगठन के भी तमाम लोग थाने पहुंच गए और शादी में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात करने लगे।
लोगों का कहना था कि युवक और उसकी प्रेमिका बालिग हैं और दोनों निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं। इसके बाद युवक और उसकी प्रेमिका कुछ ही देर में शादी कर लेने की बात कहते हुए थाने से चले गए। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि युवक और युवती दोनों बालिग हैं। दोनों शादी करना चाहते हैं। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। युवक और युवती अपने घर चले गए हैं।