शाहजहांपुर। शहर में निगोही शहबाजनगर नगर रोड पर स्थित गदियाना बाहर चुंगी में जागृति नगर नवविकसित कॉलोनियों में से एक है। कॉलोनी में तमाम मकान बन चुके हैं और कई का निर्माण चल रहा है। कॉलोनीवासी अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और परेशानी का सामना करना पड़ता है। कॉलोनी में मुख्य सड़क ही जर्जर हैं। कॉलोनी से निकलने वाले नाले का पानी का बरसात के समय में सड़कों पर बहता है।
कॉलोनी की एक गली में बिजली के खंभे तो लग गए हैं, लेकिन तार नहीं डाले गए। इस वजह से मकान मालिकों ने 200 से 400 मीटर दूरी तक तार डालकर बिजली कनेक्शन को जोड़ा है। यह तार इतने लटक हुए हैं कि बड़ा हादसा हो सकता है। कॉलोनी में कई मकानों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन भी गुजरती है।
कभी नहीं आया सफाईकर्मी
कॉलोनी में सड़कें नहीं बन पा रही हैं। खलील खां ट्यूबवेल के आसपास की लगभग सभी सड़कें जर्जर और अधबनी ही पड़ी हैं। जो सड़क बन रहीं थीं, उसका काम भी रुकवा दिया है। नाली, नालों की सफाई नहीं होती, क्योंकि कभी सफाई कर्मचारी आया ही नहीं है। - रामऔतार
लटके हैं बिजली के तार
कॉलोनी में बिजली के खंभे लग गए हैं, लेकिन मकानों तक कनेक्शन अभी भी बल्लियों के सहारे तार बांधकर जोड़ा गया है। मुख्य मार्ग पर लगे बिजली के खंभे से सैकड़ों कनेक्शन लिए हैं। इसकी वजह से तार लटक गए हैं और कभी भी हादसा हो सकता है। - तारिल, किराना व्यापारी
कई बार दिया प्रार्थनापत्र
सफाई के लिए कॉलोनी में कोई सफाई कर्मचारी नहीं आता, जिसकी वजह से गंदगी फैली रहती है। प्लॉटों व मकानों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन को हटवाने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दिया, कोई देखने नहीं आया। इस वजह से प्लॉट भी नहीं बिक पा रहे। - दीपक, प्लॉटर
पानी का निजी इंतजाम
छह साल से कॉलोनी में मकान बनाकर रह रहे हैं। प्लॉट खरीदते समय कहा था कि जगह-जगह पोल लगाकर बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। सड़कें भी नहीं बनी हैं। यही मुख्य समस्याएं हैं। पानी का इंतजाम निजी तौर पर कर लिया है। - बाबूराम राना, सेवानिवृत्त जेई
मुख्य सड़क ही नहीं बनी
मुख्य सड़क ही नहीं बन रही है, अन्य सड़कों की बात दूर है। सड़कों का काम सबसे पहले होना चाहिए। इससे कॉलोनी के वाशिंदों को परेशानी न हो। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। हम हरसंभव सहयोग के लिए तैयार हैं जिससे गंदगी न फैले। - रामबाबू सक्सेना
शाहजहांपुर में मोहल्ला गदियाना चुंगी की जागृति कॉलोनी के प्लाट में पड़ा कूड़ा- फोटो : SHAHJAHANPUR