फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंदी के दिन शहर के बाजारों में खुले शॉपिंग मॉल समेत तमाम प्रतिष्ठान

विज्ञापन
शाहजहांपुर में बुधवार को बाजारबंदी को नजरंदाज कर बहादुरगंज बाजार में खोली गई दुकानें। संवाद - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। पिछले दिनों कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने पर प्रदेश सरकार ने कोरोना कर्फ्यू के तौर पर शनिवार और रविवार को लागू दो दिवसीय साप्ताहिक बंदी खत्म करके सभी शहरों और नगरीय इलाकों में कोरोना काल से पहले निर्धारित साप्ताहिक बाजार बंदी प्रभावी कर दी है। इसके तहत बुधवार को शहर के मध्य घंटाघर से उत्तरी क्षेत्र के बाजार और शुक्रवार को घंटाघर से दक्षिणी क्षेत्र के सभी बाजार बंद रहने थे, लेकिन बुधवार को बहादुरगंज, गोविंदगंज, जलालनगर, सदर बाजार आदि क्षेत्रों में रोजमर्रा की तरह तमाम व्यापारी अपने प्रतिष्ठान खोलकर बैठे रहे। इन बाजारों में शॉपिंग मॉल से लेकर कपड़ा, पंपिंग सेट मशीनरी, ऑटो पार्ट्स, जनरल स्टोर आदि की दुकानें खुली रहीं। बंदी दिवस के उल्लंघन की बची कसर फड़ विक्रेताओं ने बहादुरगंज में फुटपाथों पर सामान सजाकर पूरी कर दी।
विज्ञापन

खास यह है कि देश के कई दक्षिणी राज्यों में संक्रमण के मामले बढ़ते देख मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रात नौ बजे से सड़कों पर पुलिस की गश्त बढ़ाने और रात दस बजे से सुबह छह बजे तक कोरोना कर्फ्यू कड़ाई से लागू कराने के निर्देश दिए हैं, लेकिन शहर के विभिन्न बाजारों में कई स्थानों पर पुलिस कर्मचारी मूकदर्शक बने बैठे रहे। शहर में घंटाघर से उत्तर की ओर बहादुरगंज बाजार की ओर बढ़ते ही जगह-जगह विभिन्न व्यवसायों की दुकानें खुली नजर आईं। मशीनरी मार्केट में कई प्रतिष्ठान रोजमर्रा की तरह खुले और उनका सामान दुकानदारों ने चबूतरों के बाहर रख लिया।
बहादुरगंज-घंटाघर मार्ग पर झंडा पीर दरगाह को जोड़ने वाले रास्ते के चौराहे पर कई पुलिस कर्मचारी कुर्सियों पर बैठे बतियाते रहे, जबकि उनसे दस कदम की दूरी पर कई दुकानों के शटर सुबह से शाम तक उठे रहे। थोड़ा आगे बढ़ने पर लोहामंडी तिराहा से लेकर बहादुरगंज के तिकोनिया पार्क तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथों पर फड़ विक्रेता होजरी, रेडीमेड वस्त्र, बिसातखाना, दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं आदि सामान सजाए मिले, जबकि बंदी के दिन फुटपाथों पर लगने वाला बुध बाजार पहले से प्रतिबंधित है।
विज्ञापन

यही नहीं, थाना सदर बाजार कोतवाली से चंद कदमों के फासले पर शॉपिंग मॉल समेत शोरूम भी खुले रहे। पंखी चौराहा-बहादुरगंज मार्ग, सदर बाजार चौराहा-गोविंदगंज रेलवे क्रॉसिंग मार्ग, पंखी चौराहा-लाल इमली चौराहा मार्ग, जलालनगर बजरिया, झंडा चौराहे पर तमाम दुकानें खुली रहने से ऐसा नहीं लगा कि आज बाजार बंदी है।
बाजार खुलने की नई व्यवस्था के बारे में अभी तमाम व्यापारियों को जानकारी नहीं हो सकी है और संभवत: इसीलिए उन्होंने बुधवार को बंदी के दिन दुकानें खोली होंगी। इस बारे मेें पुलिस के माध्यम से दुकानदारों में बंदी दिवसों के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। श्रम विभाग के माध्यम से अगले बंदी दिवसों में बाजारों का भमण कराकर ऐसे प्रतिष्ठान कार्रवाई के दायरे में लाए जाएंगे जो नियम विरुद्घ तरीके से खुले होंगे।
विज्ञापन

-रामसेवक द्विवेदी, एडीएम प्रशासन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें