शाहजहांपुर। जैतीपुर क्षेत्र के व्यापारी रविंद्र कुमार गुप्ता से मोबाइल पर धमकाकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की पड़ताल करने में क्राइम ब्रांच जुटी है। एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
रविंद्र गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने 20 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कर ली। उन्होंने बताया कि नौ फरवरी को उनके दो मोबाइल नंबरों पर फोन आए। पहले तो उन्होंने नंबर कट कर दिए। उसके बाद अलग-अलग दिन फोन आने पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। रंगदारी मांगने वाले ने अपना नाम रामबाबू सिंह बताया।
धमकाया कि रुपये नहीं दिए तो तुम्हारी हस्ती बर्बाद कर देंगे और रुपये वसूल ही लेंगे। एसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी है। मंगलवार को क्राइम ब्रांच ने बरेली से रामबाबू गुप्ता नाम के व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
रंगदारी मांगने जैसे कोई बात सामने नहीं आई है। मामला हनी ट्रैप जैसा लग रहा है। क्राइम ब्रांच को लगाया गया। पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
एस. आनंद, एसपी,