शाहजहांपुर। जलालाबाद के गांव ककराहा गांव में प्रेम-प्रसंग में दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने अपनी पड़ताल शुरू कर दी है। हत्या के आरोपी मूलचंद्र के भाइयों पर घटना में शामिल होने के संदेह पर पुलिस उनकी कॉल डिटेल और लोकेशन निकलवाने की तैयारी में है। उसके बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
21 फरवरी को दोपहर करीब तीन बजे मूलचंद्र ने अपनी बहन प्रीति (18) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोली उसके प्रेमी सनुज उर्फ सोनू और प्रीति के पिता हाकिम को भी गोली लगी थी। उसी शाम सनोज ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस ने मूलचंद्र के खिलाफ धारा 302 और 307 में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन सनोज उर्फ सोनू के पिता रामसरन मुकदमे से संतुष्ट नहीं हैं।
उन्होंने एसपी ग्रामीण को प्रार्थना पत्र देकर मूलचंद्र के भाई राजीव व सुशील, मां ईश्वरती, पिता हाकिम, नरसी व आकाश पर बेटे को घर के सामने धकियाकर गिराने और मकान के अंदर ले जाकर गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया गया है। हत्यारोपी मूलचंद्र ने घटना को खुद करने की बात कुबूल की है।
पुलिस अब उसके भाइयों की मौके पर होने की पुष्टि के लिए सर्विलांस सेल की मदद लेगी। दोनों की कॉल डिटेल निकलवाई जाएगी। कॉल डिटेल से साफ होगा कि वारदात के समय मूलचंद्र के दोनों भाई कहां पर थे। सीओ मस्सा सिंह ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।