ददरौल। शाहबाद के गांव परियर के पास एक किशोर का शव नदी में उतराता हुआ मिला। नाव चालकों ने शव देखकर गांव वालों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और अंकित के रूप शव की शिनाख्त की। थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव साहबगंज निवासी शिवकुमार का बेटा अंकित कुमार (14) चार-पांच दिन से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
पिता शिवकुमार ने शनिवार को सेहरामऊ थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को थाना शाहाबाद क्षेत्र के गांव परियर के पास अंकित का शव नदी में उतराता मिला। नाव चालकों ने उसका शव देखकर गांव वालों को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजन को जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और अंकित की शिनाख्त की। अंकित की मौत कैसे हुई, इस बारे में परिजन कुछ बता नहीं पा रहे हैं।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ होगा कि अंकित की मृत्यु कैसे हुई। इसके बाद परिजन की तहरीर के मुताबिक जांच कर कार्रवाई की जाएगी।