शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में कृष्णा वाली गली निवासी पूजा कदम ने महाराष्ट्र निवासी ससुराल के लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि दहेज में एक करोड़ रुपये की मांग की जा रही थी। रुपये न देने पर कई बार जान से मारने की कोशिश की। पुलिस ने तहरीर के आरोप पर पति समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अनिल कदम ने अपनी बेटी पूजा कदम की शादी ढाई साल पहले संकेत भीमराम घांडगे निवासी 1.3 विशाल को ऑपरेटिंग हाउसिंग सोसायटी महाराष्ट्र बैंक यशोधाम गोरेगांव ईस्ट ओवर मुंबई रेलवे के साथ की थी। शादी में 17 तोला सोना, दस लाख रुपये सामान के लिए, 20 लाख रुपये नकद, सगाई में 1,50, 000 रुपये दिए थे। कुल 40 लाख रुपये शादी में खर्च किए थे। पूजा कदम ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि शादी के बाद उनका पति घर से चार-पांच दिन के लिए चला गया।
आरोप है कि उसका एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बीच ससुराल वाले दहेज में 500 ग्राम सोना, मुंबई में स्वीमिंग पूल वाला एक फ्लैट या एक करोड़ रुपये मांगने लगे। आए दिन मानसिक यातनाएं देने लगे। सास व ननद ने उसे जान सेे मारने की नीयत से पांच सितंबर, 2021 की शाम को जहरीला पदार्थ खिला दिया। उसने अपनी नानी और मामा को सूचना दी। तब ससुराल वाले उसे अस्पताल ले गए।
पूजा कदम ने पुलिस को बताया कि उनका पति रात में नशीली दवाई खाकर पीटता था। आरोप है कि सास, ननद और अन्य ससुरालियों ने एक राय होकर चाय में दवा मिलाकर पिला दी, जिससे उनकी कोई संतान पैदा न हो सकें। पूजा के मुताबिक एक करोड़ रुपये की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर संकेत की दूसरी शादी करना चाहते हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति संकेत, सास विद्या, ससुर भीमराव घांडगे, ननद श्वेता वीर, ननदोई घनश्याम वीर पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।