जुलूस में रहेंगी दो भैंसागाड़ी
बड़े लाट साहब को भैंसागाड़ी पर सवार किया जाएगा। पहले उनकी सवारी के पीछे ट्रॉली पर ड्रमों में रंगों का इंतजाम रहता था। आयोजक संजय वर्मा के अनुसार, इस बार ट्रैक्टर-ट्रॉली वाले के अधिक रुपये मांगने की वजह से रंगों के ड्रम रखने के लिए भैंसागाड़ी का इंतजाम किया गया है।
गंगा-जमुनी तहजीब कायम रखें : मंडलायुक्त
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, आईजी डॉ. राकेश सिंह व डीएम उमेश प्रताप सिंह ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ तहसील सदर के सभागार में लाट साहब के जुलूस को लेकर शांति समिति की बैठक की। आयोजकों समेत एसपीओ ने शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने का आश्वासन दिया।
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कहा कि गंगा-जमुनी तहजीब कायम रहे। जुलूस की सारी तैयारी पूरी है। आईजी डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि इस बार अच्छी तैयारी की गई है। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि तैयारी नवंबर से ही माइक्रो लेवल पर प्रारंभ कर दी गई थी। उन्होंने आयोजकों से कहा कि पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे पूरे जुलूस की निगरानी की जाएगी। इसके बाद अफसरों ने रूट मार्च कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।