शाहजहांपुर। सिंधौली के गांव लधौली निवासी लकड़ी व्यापारी शिव नारायण उर्फ सकटे व उनकी पत्नी प्रीति से शुक्रवार रात बदमाशों ने जेवर व पांच हजार रुपये लूट लिए। बदमाश उनकी बाइक की चाबी भी निकालकर भाग गए। पीड़ित ने सिंधौली थाने पर तहरीर दी है।
लकड़ी व्यापारी शिवनारायण व उनकी पत्नी प्रीति पुवायां में शादी समारोह में गए थे। वापस आते समय मूर्छा मोड़ के पास दो बाइकों पर सवार मुंह पर कपड़ा लपेटे चार लोगों ने उनकी बाइक को रोक लिया। तमंचा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। प्रीति के जेवर उतार लिए, साथ ही पर्स में रखे पांच हजार रुपये भी लूट लिए। बदमाशों ने जाते समय शिव नारायण की बाइक की चाबी भी निकाल ली और भाग गए। लूट की घटना के बाद लकड़ी व्यापारी बाइक को घसीटकर मुख्य रोड पर लेकर आए। उसने एक बाइक सवार से मोबाइल मांगकर 112 डायल को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी ली। शनिवार सुबह पीड़ित ने सिंधौली थाने पहुंचकर तहरीर दी। शिवनारायण ने बताया कि बदमाशों ने पत्नी से एक जोड़ी सोने के झाले, सोने की पांच पैंडिल की माला, एक जोड़ी चांदी की पायल, मोबाइल व पांच हजार रुपये की नकदी लूट ली।
---------------------
-रात में लूट की घटना की जानकारी किसी ने नहीं दी है। थाने पर भी कोई सूचना नहीं आई। तहरीर आने पर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
वीएस वीर कुमार, सीओ पुवायां