शाहजहांपुर। रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए लेखपाल को मंगलवार की रात हवालात में गुजारनी पड़ी। बुधवार सुबह उसे बरेली कोर्ट में पेश किया गया। लेखपाल को एंटी करप्शन की टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।
वारिसान प्रमाण पत्र के लिए भारतीय किसान मजदूर यूनियन के जिला प्रवक्ता सुखपाल सिंह यादव ने 2019 में आवेदन किया था। इसके बाद भी वारिसान प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया था, जिसके बाद सुखपाल सिंह यादव ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई थी। उनके प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम की निरीक्षक पूजा शर्मा ने गोपनीय जांच की। उन्हें प्रार्थना पत्र में दिए सारे आरोप सत्य मिले थे।
उसके बाद टीम ने डीएम कार्यालय से साक्षी के तौर पर दो कर्मचारियों को लेकर मंगलवार दोपहर 2.58 मिनट पर तहसील से लेखपाल उत्कर्ष वर्मा को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। उनके खिलाफ एंटी करप्शन टीम के प्रभारी शैलेंद्र सिंह की तहरीर पर चौक कोतवाली में केस दर्ज कराया गया। पूरी रात हवालात में गुजारने के बाद पुलिस ने बरेली की कोर्ट में उन्हें पेश किया गया।