हुलासनगरा रेलवे क्रासिंग के निकट ट्रक खराब हो जाने से नेशनल हाईवे पर लगे जाम में फंसे वाहन
- फोटो : SHAHJAHANPUR
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग की हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग रविवार सुबह फिर जन सामान्य के जी का जंजाल बन गई। भोर होने से पहले क्रॉसिंग के पास ट्रक खराब हुआ तो दोनों ओर से आने वाले वाहनों के पहिये थमने लगे और करीब पांच किलोमीटर तक लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन मंगाकर खराब ट्रक को हटवाया, लेकिन उसके बाद भी कई घंटे तक अवागमन सामान्य नहीं हो सका।
बता दें कि हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के पास गड्ढों की भरमार से आए दिन जाम की समस्या लाइलाज होकर रह गई है। अक्सर वहां कभी ट्रक खराब होने की वजह से जाम लग जाता है तो कभी गड्ढों में किसी वाहन के फंसने अथवा पलटने से यातायात में बाधा पड़ जाती है। रविवार को तड़के करीब चार बजे यही हुआ, जब रेलवे क्रॉसिंग के दूसरी तरफ बरेली से आने वाले वाहनों के लिए बनी सर्विस रोड के गड्ढे में फंसकर एक ट्रक खराब हो गया। इस वजह से पहले बरेली की ओर जाने वाले ट्रैफिक में रुकावट पड़ी और बाद में लखनऊ दिशा के वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं।
नतीजा यह हुआ कि चार घंटे बाद सुबह आठ बजे तक रेलवे क्रॉसिंग का जाम कटरा नगर के चौराहे तक करीब पांच किमी लंबा हो गया। पुलिस ने क्रेन मंगाकर खराब खड़े ट्रक को हटवाया। बाद में दोपहर करीब 12 बजे के बाद ही जाम में फंसे वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ सके। चूंकि, हर 10-15 मिनट के अंतराल में ट्रेनें और मालगाड़ियां निकालने के लिए रेलवे गेटमैन को क्रॉसिंग बंद करनी पड़ती है, इसलिए एक बार में जितने वाहन निकल पाते थे, उससे कहीं अधिक संख्या में जाम में फंसते रहे। इस कारण नगर के चौराहे पर देर रात तक वाहन चालकों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा।