'मोहब्बत' का दर्दनाक अंत: शाहजहांपुर में प्रेमी जोड़े ने ट्रेन से कटकर दी जान, घरवालों से यह कहकर निकला था युवक
Tue, 22 Mar 2022 06:12 PM IST
आकाश दुबे
संवाद न्यूज एजेंसी, सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)
सार
शाहजहांपुर के कहिलिया फाटक से दाउदपुर की ओर रेलवे ट्रैक के सामने प्रेमी जोड़े ने ट्रेन से कटकर जान दे दी है। सीओ सदर अखंड प्रताप सिंह के अनुसार युवती की उम्र परिजन 18 साल बता रहे हैं। सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में कोई पक्ष तहरीर देगा तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शाहजहांपुर में प्रेम-प्रसंग के चलते सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव सिंगरहा मजरा सिंगरई निवासी पिंटू कुमार (20) और सुमन (18) ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। शव मंगलवार सुबह दिल्ली-लखनऊ रेलखंड पर कहिलिया फाटक से दाउदपुर की ओर रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले। शवों के कई टुकड़े हो गए थे। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक रेल रूट बाधित रहा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
विज्ञापन
सिंगरई गांव निवासी शिवलाल के बेटे पिंटू का गांव की रहने वाली सुमन के साथ लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सोमवार शाम पिंटू रात आठ बजे घर से दावत में जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। इसी तरह सुमन भी रात 12 बजे घर बिना बताए चुपचाप निकल गई। रात तीन बजे सुमन के पिता सियाराम रोजा चीनी मिल से गन्ना डालकर वापस आए तो उन्हें दरवाजे खुले मिले। उन्होंने परिवार के अन्य लोगों से पूछताछ की। बेटी की चारपाई खाली देखकर पिंटू के परिजन से संपर्क किया। पता चला कि पिंटू भी रात से घर नहीं आया। इसके बाद दोनों के परिजन ने तलाश की।
इधर, पिंटू और सुमन ने रात में कहिलिया फाटक से दाउदपुर की ओर रेलवे ट्रैक के सामने आकर जान दे दी। तेज रफ्तार ट्रेन के कारण दोनों के शव अपलाइन पर कई टुकड़ों में मिले। सुबह मालगाड़ी के चालक ने क्षत-विक्षत शव देखकर रेलवे कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। पॉवर केबिन से मेमो आने के बाद आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची। ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण करीब एक घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। शव के पास मिले आधार कार्ड के जरिए मृतकों की शिनाख्त हुई। सेहरामऊ दक्षिणी थाने से सुबह आठ बजे दोनों के परिजन को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। पिंटू की बाइक भी रेल लाइन के पास खड़ी मिली है। वहीं मामले को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नही दी गई है।