फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुटार के लोगों ने सागौन से लदी पिकअप पकड़वाई

विज्ञापन
बंडा थाने में खड़ी सागौन की लकड़ी से भरी पिकअप। संवाद - फोटो : POWAYAN
विज्ञापन
बंडा। खुटार रेंज के जंगल से बृहस्पतिवार रात स्थानीय लोगों ने सागौन के पेड़ अवैध रूप से काट कर ले जा रही पिकअप को रोक लिया। इससे वाहन चालक और तस्कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने सागौन की लकड़ी से भरी पिकअप को कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन

खुटार रेंज की बिलंदापुर बीट में एक चर्चित वनकर्मी के चार्ज लेने के बाद से अवैध कटान चरम पर है। जंगल के आसपास के लोग बताते हैं कि जंगल में तीन चार दिन में शाम को एक पिकअप आती थी और रात में नौ से दस बजे के बीच सागौन की लकड़ी भरकर निकलती थी। उन लोगों ने स्थानीय वनकर्मियों से कहा सांठगांठ के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर लोगों ने खुद ही पिकअप को पकड़ने का मन बना लिया।
बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे पिकअप जंगल में गई तो आसपास के लोग रास्ते पर घेराबंदी कर छिप गए। लकड़ी भरने के बाद दो बाइकों से लोग रास्ते का मुआयना करने आए और सब कुछ ठीक पाकर पिकअप चालक को वाहन निकालने का इशारा कर दिया। पिकअप आने पर लोगों से उसे रोक लिया। इस पर लकड़ी माफिया, कटान करने वाले श्रमिक और वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को थाने ले आई।
विज्ञापन

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि लकड़ी और वाहन किसका है, इसकी जांच चल रही है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
ले देकर निपटा दो मामला
बंडा। पिकअप पकड़े जाने के बाद माफिया और उनकी मदद में संलिप्त वनकर्मियों में खलबली मच गई। लोगों ने नाम प्रकाशित न करने के अनुरोध पर बताया कि एक वनकर्मी उन लोगों पर ले देकर वाहन को छोड़ने की मनुहार करता रहा, लेकिन लोगों ने कहा कि अवैध कटान की जांच होने पर ठीकरा जंगल के आसपास के लोगों पर फूटता है, जबकि कटान दूसरे लोग कराते हैं। लोगों ने वनकर्मी की कॉल भी रिकॉर्ड की है।
पुवायां का है लकड़ी माफिया
बंडा। जंगल से आए दिन लकड़ी कटवाकर गैर जनपदों को सप्लाई करने वाला माफिया पुवायां का रहने वाला बताया जाता है। माफिया अपने को एक नेता का नजदीकी बताता है और जंगलों से अवैध कटान कराता रहता है। पिकअप पकड़े जाने के बाद माफिया ने पुलिस पर काफी दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस से लकड़ी भरा वाहन नहीं छोड़ा। शुक्रवार पूरे दिन माफिया थाने के पास मंडराता रहा। सूत्र बताते हैं कि किसी किसान के यहां सागौन के पेड़ कटे दिखाकर परमिट नहीं बनाने पर जुर्माना लगाकर मामले को निपटाने की तैयारी है।
आखिर क्यों नहीं दर्ज की गई रिपोर्ट
बंडा। सागौन की लकड़ी से भरी पिकअप को 25 फरवरी की रात नौ बजे पकड़ा गया था, लेकिन 26 फरवरी की शाम पांच बजे तक बंडा थानाध्यक्ष जांच और जल्द रिपोर्ट की बात कहते रहे। बड़ा सवाल है कि रिपोर्ट दर्ज क्यों नहीं की जा रही है। माफिया को बचाने के लिए कौन दबाव बना रहा है और क्या मामले को रफा दफा कर दिया जाएगा। लकड़ी माफिया जिस नेता का गुर्गा है, उसने मामले को निपटाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
लकड़ी के मामले में जांच के लिए एसडीओ को मौके पर भेजा गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - ललित कुमार, कंजरवेटर बरेली
लकड़ी भरी पिकअप बंडा पुलिस ने पकड़ी है। पुलिस ही जांच कर रही है। अभी यह साफ नहीं है कि लकड़ी जंगल से काट कर लाई गई है कि नहीं। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - महेंद्र नारायण सिंह, एसडीओ, वन विभाग, शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें