शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक विवाहिता की मौत के बाद परिजनों ने ट्रॉमा सेंटर में तैनात एक चिकित्सक पर रुपये लेने और इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। मामले में तहरीर दी गई है। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
थाना तिलहर क्षेत्र के गांव गोपालपुर ठठिउरा निवासी गोविंद ने अपनी पत्नी रचना को तबीयत खराब होने के चलते 30 अक्तूबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। आरोप है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में तैनात एक चिकित्सक ने इलाज करने के एवज में सुविधा शुल्क मांगा। फिर भी इलाज में लापरवाही बरती। उचित इलाज न होने के चलते रचना की रात में मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक महिला को एक जगह से दूसरी जगह भर्ती करते रहे। इसके बाद परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। ग्राम प्रधान अजय सिंह समेत तमाम परिवार वाले राजकीय मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पर एकत्रित हो गए और लापरवाह चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने कई बार समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने।
इसके बाद परिवार वालों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के सामने रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक थाना चौक कोतवाली हरपाल सिंह बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने जैसे-तैसे समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। जाम करीब 25 मिनट तक लगा रहा। प्रभारी निरीक्षक चौक कोतवाली हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हो गई है।
मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आते हैं उस आधार पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गोविंद ने बताया कि उसका विवाह डेढ़ वर्ष पहले थाना बंडा के गांव पिहार से हुआ था। 18 दिन पहले उसकी पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया था। शुक्रवार को उसके पुत्र की मौत हो गई। शनिवार को अचानक पत्नी की हालत बिगड़ने पर उसे पहले एक प्राइवेट डॉक्टर को दिखाया। बाद में सीएचसी लेकर आए। यहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। गोविंद ने मेडिकल कॉलेज के स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
थाना तिलहर क्षेत्र की एक महिला की राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने चिकित्सक के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए जाम लगा दिया। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उस आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
संजय कुमार, एसपी सिटी, शाहजहांपुर।