शाहजहांपुर। शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज के दूसरी मंजिल के मेडिसिन वार्ड के पास गार्ड ने मरीज के तीमारदारों से मारपीट कर दी। गुस्साये तीमारदारों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पीड़ित ने पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव ढकिया हमीदनगर निवासी देवरूप तिवारी ने पांच दिन पहले अपनी बेटी दुर्गा देवी को बुखार आने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे महिला मेडिसिन वार्ड के बाहर मरीज के पिता और कुछ रिश्तेदार खड़े थे। इसी बीच वहां पर आए गार्ड ने मरीज के रिश्तेदार रामरूप तिवारी के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। सभी से राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाहर जाने का आदेश दिया।
आरोप है कि गार्ड ने मरीज के 50 वर्षीय रिश्तेदार रामरूप तिवारी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान बुजुर्ग के कपड़े भी फाड़ दिए। आरोप है कि कई गार्ड आकर मरीज के रिश्तेदारों के साथ अभद्रता करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस गार्ड और मरीज के तीमारदारों को पुलिस चौकी ले आई।
जहां पर पीड़ित की पत्नी प्रमिला तिवारी ने आरोपी गार्ड के खिलाफ चौकी पर तहरीर देकर गार्ड का मेडिकल परीक्षण कराने और कार्रवाई की मांग की है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि गार्डों की तैनाती मरीजों की सुरक्षा के लिए की जाती है। मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। संबधित एजेंसी को लिखित में दिया जाएगा। जांच भी कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।