फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उमस ने किया बेचैन, बिजली संकट ने बढ़ाई मुसीबत

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। भीषण गर्मी और उमस से लोग बेचैन हैं। वहीं बिजली संकट ने लोगों की दिक्कत दोगुनी कर दी है। कभी लाइन फाल्ट तो कभी ट्रिपिंग और शार्ट सर्किट से अक्सर बत्ती गुल होने लोगों का पसीना छूट रहा है। मंगलवार को बहादुरगंज पचराहा क्षेत्र के व्यापारी सड़क पर उतर आए। उन्होंने चिलचिलाती धूप में सड़क पर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। हालांकि, बाद में उन्हें पुलिस ने समझाकर शांत किया और यातायात बहाल करा दिया।
विज्ञापन

शहर में दो-तीन दिन से बिजली वितरण व्यवस्था गड़बड़ा गई है। किसी लाइन में कोई खराबी आने पर उसे सुधारे जाने के बाद भी लाइन घंटों ट्रिपिंग के दायरे में बनी रहने से उस इलाके की बिजली आपूर्ति प्रभावित होती रहती है। बिजली अभियंता इसकी वजह लाइनों पर पड़ रहा अतिरिक्त बिजली भार बताते हैं लेकिन उसमें सुधार पर ध्यान नहीं देते। बीते दिन बहादुरगंज पचराहा क्षेत्र में बत्ती गुल होने पर क्षेत्रीय व्यापारियों ने बहादुरगंज उपकेंद्र पर सूचना दी लेकिन लाइन में आई मामूली खराबी ठीक होने में दो घंटे से ज्यादा वक्त लग गया। रात में भी पचराहा समेत आसपास के इलाकों मेें हाईटेंशन लाइनों में ट्रिपिंग से बार-बार बत्ती गुल हुई तो लोग चैन की नींद भी नहीं ले सके। इस बीच शहर के अन्य कई क्षेत्रों में ट्रिपिंग और जंपर जलने से कई लाइनें बार-बार बंद होती रहीं। बिजली की आवाजाही और लो-वोल्टेज की समस्या का सामना लोगों का करना पड़ रहा है। शहर का शायद ही कोई इलाका हो जहां ट्रिपिंग से लोगों को दिक्कत न हो रही हो।
व्यापारियों ने लगा दिया जाम, पुलिस ने खुलवाया
बिजली संकट से परेशान पचराहा क्षेत्र के व्यापारी आदर्श व्यापार मंडल युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनवार खां के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए। उन्होंने बिजली अभियंताओं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोड जाम कर दिया। व्यापारी नेता अनवार खां ने कहा कि जिले में तीन-तीन मंत्री होने के बावजूद लोग बिजली को तरस रहे हैं। इस बीच, वहां पहुंचे पुलिस कर्मचारियों ने जाम से जनता को हो रही परेशानी का हवाला देते हुए व्यापारियों को रोड से हटने को राजी कर लिया। व्यापारियों का कहना था कि बिजली आपूर्ति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो चरणबद्घ आंदोलन शुरू कर देंगे। इस दौरान परवेज अंसारी, इलियास कुरैशी, राम औतार, नन्हेलाल, राम प्रिय मिश्रा, आकिल खां, राशिद अली, सगीर अहमद, जयवीर, दिलशाद, बहार मियां, शादाब, फखरे आलम, जीशान, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

- बिजली की खपत बढ़ने से लाइनें ओवरलोड होकर ट्रिप होने लगती हैं। ट्रिपिंग कोई खराबी नहीं बल्कि लाइनों को ज्यादा खराब होने से बचाने की एक स्वचालित व्यवस्था है। दो दिन से ककरा कलां और बहादुरगंज उपकेंद्र से जुड़े फीडरों पर ओवरलोडिंग की समस्या ज्यादा बढ़ी है। लाइनों में कोई खराबी होने पर उन्हें सूचना मिलते ही ठीक कराया जा रहा है। - अभिषेक राय, एसडीई (शहरी क्षेत्र), विद्युत निगम
गंगसरा बिजली उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं का हंगामा
पुवायां। बंच केबिल खराब होने के बाद बिजली सप्लाई सुचारू नहीं किए जाने से नाराज बिजली उपभोक्ताओं ने मंगलवार को गंगसरा उपकेंद्र पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान दोनों ओर से गालीगलौज के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत किया।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि गंगसरा में रविवार से बिजली सप्लाई ठप थी। सूचना देने के बाद भी मामूली खराबी दूर नहीं की जा रही थी। भीषण गर्मी में भारी परेशानी होने पर नाराज उपभोक्ता मंगलवार को उपकेंद्र पर जा पहुंचे और बिजली सप्लाई सुचारू कराने की मांग की। जेई सुरेश टम्टा ने बताया कि बंच केबल खराब है। बंच केबल जिस कमरे में रखी है, उसकी चाबी लाइनमैन के पास है। लाइनमैन गांव बेहटा संवात में केबल सही करने गया है। वापस आते ही केबल बदलवा दी जाएगी। इससे नाराज उपभोक्ता हंगामा करने लगे और कहा कि तीन दिन से उन लोगों को टरकाया जा रहा है।
कुछ देर बाद लाइनमैन के आने पर लोगों ने चाबी साथ लेकर घूमने पर आपत्ति जताई तो विवाद होने लगा। दोनों ओर से गालीगलौज की गई। इसके बाद उपभोक्ता थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा फोर्स के साथ उपकेंद्र पर पहुंचे और वार्ता कर बिजली सप्लाई सुचारू कराई। इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि बिजली उपकेंद्र पर विवाद की जानकारी ग्रामीणों ने दी थी। इसके बाद वह स्वयं मौके पर गए थे। मामले की जांच की जा रही है। बिजली सप्लाई सुचारू हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें