जलालाबाद में शाहजहांपुर रोड किनारे घटनास्थल पर करंट लगने से मरा पड़ा घोड़ा। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। जलालाबाद में मंगलवार को शाहजहांपुर रोड पर खड़े तांगे पर बिजली की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर गिर गया। तार की चपेट में आकर घोड़े की करंट लगने से मौत हो गई। इस दौरान वहां खड़े दूसरे तांगे के घोड़े को भी करंट लग गया, लेकिन वह किसी तरह बच गया। गनीमत रही कि हादसे के समय तांगे में सवारियां नहीं थीं।
जलालाबाद के पास के ही गांव ककरहा निवासी प्यारेलाल उबरिया और बारहपत्थर चौराहे के बीच तांगे पर सवारियां ढोकर अपनी आजीविका चलाते हैं। मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे प्यारेलाल ने गांव कलक्टरगंज से लाईं सवारियां शाहजहांपुर रोड पर बारहपत्थर चौराहे के पास उतार दीं। कुछ कदम आगे तांगा खड़ा कर दूसरी सवारियों का इंतजार करने लगा। तभी वहां से होकर गुजरी बिजली की हाईटेंशन लाइन का तार टूटा और तांगे पर आ गिरा।
प्यारेलाल उस समय रोड पर खड़े थे, जिससे वह किसी तरह बच गए, लेकिन उनके घोड़े की करंट से मौत हो गई। हादसे के समय गांव कुम्हरुआ के जयवीर भी अपने तांगे को खड़ा करके सवारियों का इंतजार कर रहे थे। करंट उनके घोड़े को भी लगा और वह भाग खड़ा हुआ। प्यारेलाल की सूचना पर पुलिस ने हादसे की सूचना दर्ज कर घोड़े को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। करीब 20 दिन पहले हादसास्थल के ठीक सामने बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के सामने इसी लाइन का तार टूटकर गिरा था। तब कई लोग बाल-बाल बच गए थे। करंट से वहां खड़े ट्रैक्टर के पहियों में आग लग गई थी।
हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से हाल ही में हुए हादसे
बिजली की 11 केवी की यह लाइन काफी जर्जर है और कई जगहों पर इसके तार लटककर काफी नीचे हो गए हैं। इस पुरानी लाइन के नीचे अब मोहल्ला गौसनगर व सुंदरनगर की बस्ती भी आ गई है और कई घरों से इसके तार सटकर निकले हैं। 19 जून को जलालाबाद के मोहल्ला नौसारा में टीन उठाने के दौरान तार छू जाने से मोहल्ले के तीन युवक तौसीफ, मोहित और अमान झुलस गए थे, जिसमें गंभीर रूप से झुलसे 24 वर्षीय तौसीफ की मौत हो गई थी। 31 अगस्त को गांव मछरियाई निवासी कालीचरण के 30 वर्षीय बेटे भगवान दास की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। यह हादसा सुबह पांच बजे उस समय हुआ जब भगवानदास पानी लगाने को खेत पर जा रहा था। रास्ते में टूटे पड़े तार की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई थी।