सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रचित कुमार
- फोटो : SHAHJAHANPUR
सेहरामऊ दक्षिणी। सेहरामऊ दक्षिणी थाने की पुलिस ने रविवार की रात करीब सवा दस बजे मुखबिर की सूचना पर सेहरामऊ से नागरपाल जाने वाले मार्ग पर एक आम के बाग पर छापा मारा। पुलिस ने अवैध शस्त्र बना रहे रचित कुमार निवासी ग्राम भमौली थाना कांट को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी वीरेंद्र उर्फ विंदा निवासी ग्राम भाग गया। पुलिस को यहां से कई बने व अधबने असलहे बरामद हुए हैं।
आरोपी के पास से चार तमंचे, एक पौनिया, दो कारतूस, अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण (दो नालनुमा पाइप, एक पैसिंग, एक ड्रिल मशीन, सुम्भी, एक स्प्रिंग, चार छेनी लोहा, दो आरी स्टैंड, तीन ब्लेड आरी, पांच लकड़ी के गुटके, एक कटर लोहा, एक भट्ठी) बरामद किया है। गिरफ्तार रचित ने बताया कि वह अपने साथी वीरेंद्र के साथ आम के बाग में रात में अवैध शस्त्र फैक्टरी का संचालन करता है।
कांट, सेहरामऊ दक्षिणी और आसपास के क्षेत्र में पांच से छह हजार रुपये में तमंचे बेचते हैं। वीरेंद्र उर्फ विंदा पूर्व में तीन बार असलहे बनाने में जेल जा चुका है। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।