पुवायां। सांसद अरुण सागर की मांग पर केंद्र सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शाहजहांपुर-पलिया हाईवे की मरम्मत के लिए धन अवमुक्त करा दिया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कार्य भी शुरू करा दिया है। सांसद ने बताया कि उन्होंने हाईवे की मरम्मत के लिए केंद्र सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। इस पर केंद्रीय मंत्री ने संज्ञान लेकर मरम्मत धनराशि पीडब्ल्यूडी को आवंटित कर दी है।
यह हाईवे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के तहत आता है, लेकिन मरम्मत कार्य पीडब्ल्यूडी कराएगा। शाहजहांपुर पलिया हाईवे के फोरलेन के मामले की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री के पत्र में दी गई है। सांसद को लिखे पत्र में बताया है कि जल्द ही हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य पूर्ण होने के बाद निर्माण एजेंसी का चयन कर कार्य शुरू कराया जाएगा।
भैंसी पुल: कच्चे रास्ते से निकाले जा रहे वाहन
पुवायां। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे के पैचवर्क के लिए तो धन आवंटित हो गया, मगर इसी हाईवे पर भैंसी नदी के बेहद जर्जर पुल पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। खास बात यह है कि हाईवे की मरम्मत तो शुरू हो गई है, लेकिन इसी हाईवे पर भैंसी नदी के पुल के मामले में नेता और अधिकारी चुप्पी साधे हैं। दो दिन से पुल पर आवागमन बंद है। वाहनों को पुल के पास से कच्चे रास्ते से निकाला जा रहा है। यहां वाहन फंस रहे हैं और कच्चा रास्ता बेहद खराब होने से वाहन पलट भी सकते हैं।
पुल पर पड़ी लोहे की चादर पर पांच दिन पूर्व सीमेंट, मौरंग और बजरी को मिलाकर डाला गया था, लेकिन चार घंटे बाद ही वाहनों के निकलने पर बजरी उखड़ गई। बेहद महत्वपूर्ण इस पुल पर सांसद, विधायक सहित किसी भी अधिकारी का ध्यान नहीं जा रहा है। एसडीएम जरूर एनएचएआई को दो बार पत्र भेज चुके हैं, लेकिन मामला जस का तस है।