शाहजहांपुर। लखनऊ से इलाज कराकर बुधवार की रात वापस लौट रही महिला बंदी की रास्ते में हालत बिगड़ गई। उसको शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उसको डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पीलीभीत जिले के थाना बीसलपुर के गांव दुबे निवासी मधु (36) 19 जून 2020 को पति कमल की हत्या के आरोप में पीलीभीत जिला कारागार में बंद थी। वह करीब छह-सात महीने से बीमार चल रही थी। महिला बंदी मधु का लखनऊ में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार को पीलीभीत जिला कारागार प्रशासन का स्टाफ महिला बंदी को लेकर लखनऊ से पीलीभीत लौट रहा था।
रास्ते में मधु की हालत बिगड़ गई। स्टाफ मधु को लेकर सीधा राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचा। जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। उसके बाद अस्पताल चौकी पर सूचना देने के बाद महिला बंदी के परिजन को सूचना दी। परिजन के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।