मृतक राजेश वर्मा का । फाइल फोटो
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर। गांव गुलचंपा में वायरल बुखार की चपेट में तमाम लोग हैं। वायरल से पीड़ित चल रहे एक युवक को बृहस्पतिवार को सुबह सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। उसका छोटा पुत्र भी वायरल की चपेट में है। गांव में सफाई व्यवस्था चौपट है। ग्रामीणों का कहना है कि सफाईकर्मी कई दिनों से गांव में नहीं आया है। युवक की मौत पर सीएमओ ने सीएचसी प्रभारी को तत्काल गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
तिलहर नगर से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव गुलचंपा में पिछले कई दिनों से तमाम लोग वायरल बुखार और संक्रमण रोगों की चपेट में हैं। गांव के राजेश वर्मा (38) को लगभग दस दिन से बुखार आ रहा था। ताऊ हरिश्चंद्र ने बताया कि उसका इलाज शाहजहांपुर में भी कराया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उसे घर ले आए थे। बृहस्पतिवार सुबह हालत बिगड़ने पर तिलहर सीएचसी ले गए, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी के मौजूद डॉ. रितुराज राठौड़ ने बताया कि राजेश वर्मा को परिजन सुबह अस्पताल लाए थे, लेकिन वह मृत अवस्था में लाया गया था। परिजन ने बुखार से मौत की बात बताई है।
राजेश वर्मा खेती-बाड़ी करके अपने परिवार की गुजर-बसर करता था। उसकी पत्नी सुखदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। छोटा पुत्र 10 वर्षीय सौरभ वर्मा भी बुखार की चपेट में है। बताया जा रहा है कि गांव में कई लोग बुखार से ग्रस्त हैं। गांव के 15 वर्षीय अमित पुत्र राम भजन चार दिन से शाहजहांपुर के अस्पताल में भर्ती है। गांव के राजेश कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी हेमवती, 14 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी देवी, 12 वर्षीय आशा और सात वर्षीय पुत्र निखिल को कई दिनों से बुखार आ रहा है। दवाई चल रही है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ है।
गांव के अवनीश ने बताया कि गांव में सफाई कर्मचारी एक सप्ताह से नहीं आया है। चारों तरफ गंदगी फैली है। नालियां गंदगी से भरी पड़ी है। गांव में बहुत मच्छर है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक पखवाड़े से अधिक समय से बुखार और संक्रमण रोगों का असर है। बृहस्पतिवार को तिलहर सीएचसी पहुंचे सीएमओ डॉ. एसपी गौतम को राजेश वर्मा की मौत की जानकारी हुई तो उन्होंने सीएचसी प्रभारी डॉ. आलोक जायसवाल को निर्देशित किया कि वह तत्काल गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर खून की जांच कराएं और दवाओं का छिड़काव करा कर लोगों को दवाइयां वितरित करें।