पुवायां/खुटार/बंडा। संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद का बंडा में मिला-जुला असर रहा। पुवायां और खुटार में बाजार खुले रहे। किसान संगठनों ने पुवायां के राजीव चौक और खुटार के मुख्य चौराहे पर कृषि कानूनों के विरोध में नारेबाजी की।
पुवायां में व्यापारियों ने दुकानें बंद करने की अपील की गई। राजीव चौक पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा, लेकिन बाद में एक साइड से यातायात चालू होने से लोगों ने राहत रही। करीब एक घंटे तक जाम किया। खुटार में मुख्य चौराहे पर गोला, बंडा और पुवायां रोड पर रस्सी बांध कर आवागमन रोका गया। जाम में रोडवेज की बसों सहित तमाम वाहन फंसने से लोगों को परेशानी हुई। प्रदर्शन में टिकैट गुट के बरेली मंडल के संयुक्त मंत्री सरजीत सिंह, परमजीत सिंह, संदीप सिंह, हरबेल सिंह आदि मौजूद रहे। करीब ढाई बजे एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
बंडा में किसान संगठनों ने बाजार में घूमकर व्यापारियों से दुकानें बंद करने की अपील की। यहां 70 प्रतिशत दुकानें बंद रहीं। बंडा बिलसंडा मार्ग पर गांव मकसूदापुर में जाम लगाया। एसडीएम और सीओ ने ज्ञापन लिया।
नायब तहसीलदार को धूप में बिठाया
इस दौरान नायब तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर मौके पर पहुंचे तो किसानों ने वार्ता के लिए उनको भी अपने साथ धूप में बैठा लिया। नायब तहसीलदार आधे घंटे तक किसानों के साथ तेज धूप में बैठे रहे।
जाम में फंसे स्कूली वाहन
राजीव चौक पर चक्का जाम के दौरान स्कूलों के वाहन भी फंस गए। छुट्टी के बाद घर जा रहे बच्चे वाहनों के जाम में फंस जाने से गर्मी के कारण परेशान हो उठे। पुलिस ने किसी तरह साइड से वाहनों को निकलवाया। मरीज को ले जा रही एक कार भी जाम में फंसने पर चालक कार को मोड़कर दूसरी ओर से अस्पताल ले गया।
पुवायां में चलता रहा आंदोलन...बंडा में मौजूद रहे एसडीएम और सीओ
पुवायां। पुवायां में जाम के दौरान सांसद अरुण सागर पुवायां से बंडा के लिए निकले। उनको बंडा में खुटार मार्ग का शिलान्यास करना था। एसडीएम सतीश चंद्रा और सीओ बीएस वीरकुमार भी उनके साथ बंडा गए। जाम शुरू होते ही किसानों ने ज्ञापन के लिए एसडीएम और सीओ को बुलाने की मांग की, लेकिन दोनों अधिकारियों के बंडा में होने की जानकारी के बाद किसान चौराहा घेरकर बैठ गए। इससे खुटार, शाहजहांपुर, निगोही और बंडा रोड पर जाम लग गया। पुवायां के इंस्पेक्टर केबी सिंह ने किसानों को बमुश्किल समझाकर जाम खुलावाया।