शराब में रुपये उड़ा रहा था इसलिए मार डाला
गुड्डू का कहना था कि राजेश शराब पीने के आदी थे। वह जमीन बेचकर रुपयों को शराब में उड़ा रहे थे। राजेश ने चार बीघा जमीन बेचकर सारे रुपये बर्बाद कर दिए। अब वह अपना कमरा और मकान के सामने की जमीन भी बेचना चाहते थे। राजेश की शादी नहीं हुई थी। वह एक पैर से दिव्यांग थे। कोई काम भी नहीं करते थे। रुपये खत्म होने के बाद शराब पीने के लिए वह जमीन बेच देते थे। इसी वजह से उन्हें मार डाला।
एक साल पहले भी हुआ था झगड़ा
बहनोई राजेश कुमार ने बताया कि साले राजेश ने तीन महीने पहले चार बीघा जमीन बेची थी। वर्तमान में मां के हिस्से की दस बीघा जमीन उनके पास थी। इसे वह पट्टे पर देकर 40 हजार रुपये लेते थे। उसके रुपये गुड्डू को नहीं देते थे। इसी बात को लेकर करीब एक साल पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद शांतिभंग में कार्रवाई की गई थी। इसके बाद से दोनों में बातचीत बंद थी। राजकुमार के तीन बेटे थे। इसमें दूसरे नंबर के पुत्र पप्पू की परिवार के लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मामूली विवाद में गाली-गलौज के चलते वारदात को अंजाम दिया गया था। वहीं भाई राजेश की हत्या के बाद गुड्डू अपने बयानों में फंसता चला गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। गुड्डू को गाड़ी में बैठाकर पुलिस विनय की तलाश में आरसी मिशन के रेती स्थित आवास पर पहुंची। वह घर पर नहीं मिला।
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि मृतक की बहन रश्मि ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी को लगाया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।