खुटार में वन विभाग की जमीन से कब्जा हटवाते अधिकारी
- फोटो : POWAYAN
खुटार। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में सोमवार को राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश कर वन विभाग की छह एकड़ जमीन से कब्जा हटवाकर विभाग के सुपुर्द कर दिया। वन विभाग की भूमि पर काफी समय से कब्जा कर खेती की जा रही थी।
खुटार के गांव गढ़िया सरेली के पास वन विभाग की छह एकड़ जमीन पर काफी समय से अवैध कब्जा था। लोगों ने इस जमीन पर गन्न और धान की फसल बो रखी थी। वन विभाग की ओर से एसडीएम को पत्र भेजकर जमीन की पैमाइश कर कब्जामुक्त कराने की मांग की गई थी, लेकिन पैमाइश नहीं हो पा रही थी। वन विभाग ने अधिकारियों को फिर से पत्राचार किया था।
एसडीएम सतीश चंद्रा के निर्देश पर नायब तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम सोमवार को मौके पर पहुंची। रेंजर डीएस यादव भी वनकर्मियों की टीम के साथ पहुंचे। पैमाइश में छह एकड़ से अधिक भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया। अधिकारियों ने जेसीबी से जमीन चिह्नित कराकर वन विभाग को कब्जा दिला दिया।
रेंजर डीएस ने बताया कि जमीन की पैमाइश के लिए एसडीएम से पत्राचार किया गया था। सोमवार को पैमाइश के बाद तूदाबंदी कर जमीन को विभागीय कब्जे में ले लिया गया है। जमीन पर पौधरोपण कराया जाएगा। अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई भी कराई जाएगी।