खुटार निवासी घनश्याम शर्मा का फाइल फोटो
- फोटो : POWAYAN
खुटार। मोहल्ला रायटोला निवासी 45 वर्षीय घनश्याम शर्मा शुक्रवार को ई-रिक्शा में सवारियां लेकर रामपुर कलां से खुटार की ओर आ रहे थे। श्रीराम खांडसारी उद्योग के पास कुत्तों को बचाने के चक्कर में ई-रिक्शा पलट गया। इससे घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। तीन सवारियां भी घायल हुई।
सुबह घनश्याम शर्मा ई-रिक्शा से गांव रामपुर कलां से सवारियां लेकर खुटार लौट रहे थे। खुटार पुवायां मार्ग पर स्थित क्रशर के पास कुत्ते को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा पलट गया। घनश्याम ई-रिक्शा के नीचे दब गए और उनके सिर में गंभीर चोट लग जाने से बेहोश हो गए। ई-रिक्शा में बैठी तीन सवारियां भी घायल हो गई, लेकिन चालक की हालत गंभीर देख वह मौके से चली गईं।
आसपास के लोगों ने ई-रिक्शा सीधा कर घनश्याम क ो निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घनश्याम को सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घनश्याम की मौत से पत्नी बिंदेश्वरी देवी, 18 वर्षीय पुत्री प्रियांशी, 12 वर्षीय मुस्कान, सात वर्षीय नैना और दस वर्षीय पुत्र लव शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुत्री की शादी के लिए वर की तलाश कर रहे थे घनश्याम
घनश्याम बड़ी पुत्री प्रियांशी के लिए वर की तलाश कर रहे थे। वह चाहते थे कि रिश्ता तय हो जाए और बाद में पुत्री के हाथ पीले कर दिए जाएं, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। घनश्याम के पास थोड़ी कृषि भूमि है। ई रिक्शा चलाकर वह परिवार की गुजर करते थे।